जदयू संगठन विस्तार को लेकर जिला कार्यालय में हुई बैठक पंचायत से जिला स्तर तक संगठन मजबूत करने पर मंथन मुंगेर शहर के गार्डेन बाजार स्थित जदयू जिला कार्यालय में मंगलवार को जिलाध्यक्ष सौरभ निधि की अध्यक्षता में प्रखंड एवं नगर अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में पंचायत स्तर से लेकर जिला संगठन के पूर्ण गठन एवं विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. मुख्य अतिथि के रूप में जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल मुख्य रूप से मौजूद थे. बैठक में सभी प्रखंड एवं नगर अध्यक्षों ने संगठन विस्तार को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे. विधायक नचिकेता मंडल ने कार्यकर्ताओं से जन सरोकार से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमसबों की खास कर पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है. जनता ने एनडीए सरकार को जिस विश्वास और उम्मीद के साथ चुना है, उस पर खरा उतरना है. कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करना चाहिए. जिलाध्यक्ष ने कहा कि जदयू के संस्थापक एवं सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बावजूद पार्टी की मजबूती में कोई कमी नहीं आयेगी. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार लगातार बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं. हमें उनसे प्रेरणा लेते हुए पंचायत से लेकर जिला स्तर तक संगठन को और सशक्त बनाना है तथा नए साथियों को पार्टी से जोड़ना है. आने वाले समय में भी जदयू ही बिहार का सबसे मजबूत राजनीतिक विकल्प बनेगा. बैठक में मुंगेर सदर अध्यक्ष सुजीत मंडल, बरियारपुर प्रखंड अध्यक्ष संजीव कुमार, मुंगेर नगर अध्यक्ष विक्की गुप्ता, जमालपुर प्रखंड अध्यक्ष मुनीलाल मंडल, धरहरा प्रखंड अध्यक्ष नवीन सिंह, खड़गपुर प्रखंड अध्यक्ष प्रो राजेंद्र मंडल सहित अन्य मौजूद थे.
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पुहंचाना हमसबों की जिम्मेदारी : नचिकेता
जदयू संगठन विस्तार को लेकर जिला कार्यालय में हुई बैठक
