तारापुर (मुंगेर). तारापुर पुलिस ने शुक्रवार को मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वंशीपुर गांव में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने दोनों दुकानों से कुल 475 ग्राम गांजा बरामद किया. साथ ही आरोपियों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किये गये. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
गुप्त सूचना पर वंशीपुर गांव में हुई छापेमारी
प्रभारी थानाध्यक्ष सुबन्ता कुमारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वंशीपुर गांव स्थित कुछ दुकानों से अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही है. सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने चिन्हित दुकानों पर छापेमारी की.
चाय-किराना दुकान से 225 ग्राम गांजा बरामद
छापेमारी के दौरान मनोज कुमार सिंह की चाय एवं किराना दुकान की तलाशी ली गयी. पुलिस के अनुसार दुकान में काले रंग की पन्नी में छिपाकर रखा गया 225 ग्राम गांजा बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस टीम ने शेखर तांती की किराना दुकान की भी तलाशी ली.
आलू के बोरे के पीछे छिपा रखा था 250 ग्राम गांजा
शेखर तांती की दुकान की तलाशी के दौरान आलू के बोरे के पीछे छिपाकर रखा गया 250 ग्राम गांजा बरामद किया गया. दोनों दुकानों से बरामद गांजा को पुलिस ने जब्त कर लिया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
मोबाइल फोन भी पुलिस ने किया जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास मौजूद मोबाइल फोन भी जब्त किये हैं. पुलिस अब जब्त मोबाइल और बरामद गांजा के आधार पर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
