मुंगेर में बारिश ने खोली नगर पंचायत की पोल, तारापुर बाजार में जलजमाव से कारोबार प्रभावित

Tarapur Market Waterlogging: बारिश के बाद तारापुर के सब्जी हाट और शहर के हृदयस्थल माने जाने वाले शहीद चौक में घुटनों तक पानी जमा हो गया. बाजार क्षेत्र में जलजमाव के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित रही. फल और सब्जी विक्रेता अपने सामान को बचाने के लिए टोकरियों और ठेलों को ऊंचा करने में जुटे रहे, जबकि ई-रिक्शा, साइकिल और पैदल यात्री पानी से भरे रास्तों से गुजरने को मजबूर दिखे.

तारापुर (मुंगेर) से संजय वर्मा की रिपोर्ट:

Tarapur Market Waterlogging: शनिवार सुबह हुई बारिश ने जहां भीषण गर्मी से लोगों को राहत पहुंचाई, वहीं तारापुर नगर पंचायत की जलनिकासी व्यवस्था की पोल भी खोलकर रख दी. बारिश थमते ही शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे आम लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

बाजार बना तालाब

बारिश के बाद तारापुर के सब्जी हाट और शहर के हृदयस्थल माने जाने वाले शहीद चौक में घुटनों तक पानी जमा हो गया. बाजार क्षेत्र में जलजमाव के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित रही. फल और सब्जी विक्रेता अपने सामान को बचाने के लिए टोकरियों और ठेलों को ऊंचा करने में जुटे रहे, जबकि ई-रिक्शा, साइकिल और पैदल यात्री पानी से भरे रास्तों से गुजरने को मजबूर दिखे.

व्यापारियों को हुआ नुकसान

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि हर बारिश के बाद यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है. नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में थोड़ी देर की बारिश भी बाजार को जलमग्न कर देती है. इससे दुकानदारों का सामान खराब होने का खतरा बना रहता है और ग्राहक भी बाजार आने से कतराते हैं, जिससे कारोबार प्रभावित होता है.

लोगों में बढ़ी नाराजगी

नगरवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर की बात तो की जाती है, लेकिन जलनिकासी जैसी बुनियादी समस्या का समाधान अब तक नहीं हो सका है. लोगों का कहना है कि नगर पंचायत चुनाव हुए तीन दशक से अधिक समय बीत चुके हैं, लेकिन शहर के लिए कोई प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम विकसित नहीं किया गया.

नालियों की सफाई और ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मानसून के दौरान होने वाली समस्याओं को देखते हुए शहर की मुख्य नालियों की सफाई कराने और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है. उनका कहना है कि सड़कों के दोनों ओर बनी नालियों को व्यवस्थित और साफ-सुथरा रखा जाए, ताकि जलजमाव की समस्या से राहत मिले और शहर की सुंदरता भी बनी रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >