अगले साल गर्मी से पहले मुंगेर के हर घर तक पहुंचेगा नल का जल : ललन सिंह

Munger Water Supply News: मुंगेर में पेयजल संकट को लेकर केंद्रीय मंत्री और मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अगले वर्ष गर्मी शुरू होने से पहले मुंगेर शहर के सभी घरों तक नल का जल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. इसके लिए राज्य सरकार और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तेजी से काम कराया जाएगा.

मुंगेर से राणा गौरी शंकर की रिपोर्ट :

रविवार को मुंगेर में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान ललन सिंह ने कहा कि शहर के करीब 18 हजार लोग अब भी पेयजलापूर्ति योजना के लाभ से वंचित हैं. उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है और इसे प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा.

उन्होंने बताया कि सोमवार को वे राज्य के मुख्यमंत्री

सम्राट चौधरी

से मुलाकात करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि बुडको एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की टीम को मुंगेर भेजा जाए, ताकि शहर के हर घर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था पूरी की जा सके.

नगर निगम को टैंकर से पानी पहुंचाने का निर्देश

बैठक में मौजूद मुंगेर नगर निगम के नगर आयुक्त को निर्देश देते हुए ललन सिंह ने कहा कि जिन इलाकों में अब तक जलापूर्ति नहीं हो रही है, वहां तत्काल टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाए.उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को पानी के लिए परेशान नहीं होना चाहिए और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा.

विकास योजनाओं की हुई समीक्षा

समीक्षा बैठक में जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई. इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए गए.बैठक में मुंगेर विधायक कुमार प्रणय, जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल, जिला पदाधिकारी निखिल धनराज, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >