पहले नगर पंचायत का हो विकास, तब वसूला जाये होल्डिंग टैक्स

नगरवासियों ने कहा- नगर पंचायत का विकास तो हुआ नहीं, होल्डिंग टैक्स के नाम पर आमलोगों का हो रहा शोषण

संग्रामपुर. संग्रामपुर नगर पंचायत में इन दिनों होल्डिंग टैक्स की वसूली को लेकर नागरिकों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है. नगरवासियों का मानना है कि नगर पंचायत के गठन होने के बाद सफाई व्यवस्था को छोड़ अन्य कोई मूलभूत सुविधाओं का विस्तार नहीं किया गया है. होल्डिंग टैक्स के नाम पर लोगों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है और टैक्स की वसूली कर नगर पंचायत को विकसित करने का सपना दिखाया जा रहा है.

जलापूर्ति योजना फेल, सफाई व्यवस्था भी चौपट

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत द्वारा नागरिकों से होल्डिंग टैक्स के रूप में मोटी राशि ली जा रही है. लेकिन बदले में मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करायी जा रही है. खासकर पेयजल और सफाई व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. गर्मी के दस्तक देते ही अधिकांश वार्डों में पेयजल संकट गहराने लगा है. कई जगहों पर नल-जल योजना पूरी तरह फेल नजर आ रही है. जबकि चापाकल भी पर्याप्त पानी देने में असमर्थ है. वार्ड संख्या 10, 11 और 12 के निवासियों का कहना है कि पिछले एक महीने से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है. सफाई व्यवस्था की हालत भी बदतर है. कई वार्डों में पिछले 15 दिनों से तक सफाई नहीं हो हुई है. सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरे का अंबार लगा हुआ है और नाला में काला पानी जमा हो गया है. जिससे दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है.

वर्तमान में केवल 30 से 35 सफाई कर्मी ही कार्यरत

स्थानीय ग्रामीण सुधीर शाह, राजेश कुमार, शंकर कुमार और बादल सिंह ने बताया कि डस्टबिन की नियमित सफाई नहीं होने से कचरे से बदबू फैलती रहती है. वहीं सफाई कर्मी सुनीता देवी और खमरु मांझी ने बताया कि तीन वार्डों के लिए मात्र दो कर्मी तैनात हैं, जिससे नियमित सफाई संभव नहीं हो पाती है. जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत में लगभग 100 सफाईकर्मियों की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में केवल 30 से 35 कर्मी ही कार्यरत हैं. नगरवासियों का कहना है कि पहले सुविधाओं का विस्तार और सुदृढ़ीकरण किया जाए, उसके बाद ही होल्डिंग टैक्स की वसूली की जाये. यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो नगर पंचायत में स्वास्थ्य संकट की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जायेगी.

बोले लेखापाल

इधर नगर पंचायत कार्यालय में होल्डिंग टैक्स ले रहे लेखापाल राकेश कुमार ने कहा कि सुविधा रहे अथवा नहीं रहे, विभागीय निर्देशानुसार होल्डिंग टैक्स जमा करना अनिवार्य है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR

ANAND KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >