– उद्यमिता व व्यवसाय प्रबंधन की बारीकियों से रूबरू हुए विद्यार्थी
– उत्पादन तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण व मार्केटिंग रणनीतियों की मिली जानकारीमुंगेर. बिहार फॉरेस्ट्री कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (बीएफसीआरआई) मुंगेर के बीएससी फॉरेस्ट्री द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए गुरुवार को औद्योगिक भ्रमण सह व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह आयोजन एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट एंड बिजनेस मैनेजमेंट पाठ्यक्रम के अंतर्गत किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व प्रसार शिक्षा वैज्ञानिक एवं सहायक प्राध्यापक प्रियंका ने किया. विद्यार्थियों को आईटीसी डेयरी प्लांट का औद्योगिक भ्रमण कराया गया.
उद्यमिता व व्यवसाय प्रबंधन की बारीकियों से रूबरू हुए छात्र
कार्यक्रम के प्रथम चरण में 40 विद्यार्थियों में से 20 विद्यार्थियों मुंगेर स्थित आईटीसी डेयरी प्लांट का औद्योगिक भ्रमण कराया गया. भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को आईटीसी डेयरी प्लांट के इतिहास, उपलब्धियों, उत्पादन प्रणाली तथा निर्माण प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. छात्रों ने दूध, दही, लस्सी समेत विभिन्न दुग्ध उत्पादों के निर्माण, पैकेजिंग एवं गुणवत्ता नियंत्रण की प्रक्रियाओं को करीब से देखा और समझा. डेयरी प्लांट के प्रोडक्शन मैनेजर ने विद्यार्थियों को उत्पादन इकाई की कार्यप्रणाली, गुणवत्ता मानकों, माइक्रोबियल टेस्टिंग, आईटीसी के स्टैंडर्ड स्पेसिफिकेशन तथा मार्केटिंग रणनीतियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी. इस दौरान विद्यार्थियों ने आधुनिक उत्पादन तकनीकों एवं उद्योग संचालन से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया.
यह पाठ्यक्रम का हिस्सा, आत्मनिर्भर बनेंगे विद्यार्थी
बीएफसीआरआई मुंगेर के डीन डॉ अनिल पासवान ने कहा कि “एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट” पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने और सफल उद्यमी के रूप में विकसित होने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. आज के समय में विद्यार्थियों को केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की सोच विकसित करनी चाहिए. इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, व्यवसायिक समझ और व्यावहारिक ज्ञान को मजबूत करते हैं. इससे विद्यार्थियों को उद्योग प्रबंधन, उत्पादन तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण, विपणन कौशल एवं उद्यमिता विकास से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्राप्त होती है, जो भविष्य में उनके करियर के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी.
