Munger University Result: हवेली खड़गपुर (मुंगेर). मुंगेर विश्वविद्यालय के स्नातक सत्र 2024-28 सेमेस्टर-3 परीक्षा परिणाम में कथित त्रुटि को लेकर गुरुवार को हरि सिंह महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया. विद्यार्थियों का आरोप है कि आंतरिक एवं प्रायोगिक परीक्षा में शामिल होने के बावजूद उन्हें परिणाम में अनुपस्थित दिखा दिया गया, जिससे उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है.
परिणाम में त्रुटि से छात्रों में नाराजगी
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने निर्धारित समय पर आंतरिक एवं प्रायोगिक परीक्षा दी थी. इसके बावजूद विश्वविद्यालय द्वारा जारी परिणाम में उन्हें अनुपस्थित दर्शाया गया. छात्रों का कहना है कि इस तरह की त्रुटियां विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं.
संशोधित परिणाम जारी करने की मांग
प्रभावित छात्राओं वर्षा, निकिता, प्रगति, निशा, खुशी, पुष्पल, नेहा तथा छात्र कौस्तुभ सहित अन्य विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द त्रुटि सुधार कर संशोधित परिणाम जारी करने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.
एबीवीपी ने दिया छात्रों का समर्थन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नगर मंत्री आर्यन केसरी एवं शुभम केशरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का समर्थन किया. उन्होंने महाविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक से मिलकर मामले के शीघ्र समाधान की मांग की.
कॉलेज प्रशासन ने दिया आश्वासन
महाविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन से संपर्क कर आवश्यक सुधार की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाएगी, ताकि प्रभावित छात्रों की समस्या का समाधान हो सके.
बड़ी संख्या में छात्र रहे मौजूद
Munger University Result: प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी के कॉलेज उपाध्यक्ष सैलब झा, नगर सोशल मीडिया प्रभारी शिवम केसरी, अंकित जसवाल, अर्पण, साक्षी, अर्चना, रॉबिन आनंद, शुभम भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
