मुंगेर के अलग-अलग थानों में रंगदारी, गोलीबारी, आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन मामला दर्ज
मुंगेर. जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने जिले के टॉप-10 अपराधियों की लिस्ट में शामिल सफियाबाद थाना क्षेत्र के आदमपुर निवासी श्रवण यादव को शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर पटना से गिरफ्तार किया है. जिस पर जिले के अलग-अलग थाने में रंगदारी, गोलीबारी, आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन मामला दर्ज है. पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि कुख्यात अपराधी श्रवण यादव जिले के टॉप-10 अपराधी में शामिल था. डेढ़ वर्ष पूर्व सफियासराय थाना क्षेत्र के हेरूदियारा समीप ट्रक ड्राइवर सुरेंद्र कुमार को गोली मारने, हसनगंज के समीप लाइन होटल संचालक पर भी गोली चलाने की घटना में वह शामिल था. जिसमें सफियासराय थाना में विभिन्न एक्ट के तहत आपराधिक मामला दर्ज है. इसके अलावे श्रवण यादव पर नयारामनगर, सफियासराय और कासिम बाजार थाना में रंगदारी, गोलीबारी, धमकी के अतिरिक्त आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और उत्पाद अधिनियम के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं. वह कई मामलों में फरार चल रहा था. गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और सफियासराय थाना की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर श्रवण यादव को पटना से गिरफ्तार किया. एसपी ने बताया कि सफियासराय थाना क्षेत्र के आदमपुर निवासी सिकंदर यादव का पुत्र श्रवण यादव वर्ष 2016 में शराब तस्करी से जुड़ कर अपराधी बना था. इसके बाद वह कई अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने लगा था. उसके विरुद्ध कासिम बाजार और सफियासराय थाना में हत्या का प्रयास, गोलीबारी, रंगदारी, मारपीट के मामले दर्ज हैं, जबकि नया रामनगर थाना में उत्पाद अधिनियम और एससीएसटी एक्ट के तहत वर्ष 2016 से ही आपराधिक मामला दर्ज है. इनमें से कई मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
