शिवम मौत मामला : डिजिटल जांच में जुटी पुलिस, त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग का एंगल आया सामने

Shivam Death Case : जमालपुर में शिवम कुमार की मौत के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है. कॉल डिटेल और परिजनों द्वारा दिए गए प्रेम पत्र से मामले में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया है.

Shivam Death Case : जमालपुर थाना क्षेत्र के खलासी मोहल्ला वलीपुर निवासी वीरेंद्र बिंद के 16 वर्षीय पुत्र एवं दसवीं कक्षा के छात्र शिवम कुमार की मौत मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. मंगलवार को जमालपुर नगर परिषद की मुख्य पार्षद पार्वती देवी थाना पहुंचीं और थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान से मुलाकात कर पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की.

थानाध्यक्ष ने उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले की वैज्ञानिक और निष्पक्ष जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

कॉल डिटेल और व्हाट्सएप कॉल बनी जांच का अहम आधार

थानाध्यक्ष ने बताया कि शिवम के मोबाइल पर अंतिम बार करीब 200 सेकेंड तक उसके एक सहपाठी से बातचीत हुई थी. पुलिस उस सहपाठी से पूछताछ कर रही है. शिवम के मोबाइल की इनकमिंग और आउटगोइंग कॉल डिटेल पुलिस को मिल चुकी है और उसका विश्लेषण किया जा रहा है.

इसके अलावा साइबर थाना से संपर्क कर व्हाट्सएप कॉल का विवरण भी मांगा गया है. पुलिस का कहना है कि यह डाटा मिलने के बाद जांच को और मजबूती मिलेगी तथा घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में मदद मिलेगी.

प्रेम पत्र से सामने आया नया एंगल

जांच के दौरान शिवम के परिजनों ने पुलिस को एक कथित प्रेम पत्र उपलब्ध कराया है, जो शिवम के नाम उसकी सहपाठी द्वारा लिखा गया बताया जा रहा है. थानाध्यक्ष के अनुसार इस पत्र में दर्ज बातों से कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं.

उन्होंने कहा कि अब तक की जांच में यह मामला दो लोगों के बीच प्रेम प्रसंग का नहीं, बल्कि त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और अंतिम निष्कर्ष साक्ष्यों के आधार पर ही निकाला जाएगा.

घटना वाले दिन सहपाठी की बाइक पर देखा गया था शिवम

पुलिस के अनुसार 15 जुलाई को घर से निकलने के बाद शिवम अपने एक सहपाठी की मोटरसाइकिल पर देखा गया था. उस सहपाठी से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने कहा कि डिजिटल जांच के दायरे में आने वाले हर व्यक्ति से पूछताछ की जाएगी और सभी से सहयोग की अपेक्षा है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार

थानाध्यक्ष ने बताया कि अब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है. जिला प्रशासन के निर्देश पर शिवम का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल मुंगेर में चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा कराया गया है, जो मामले की संवेदनशीलता को दर्शाता है.

उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद एफएसएल की टीम एक बार फिर पूरे मामले का विश्लेषण करेगी. उल्लेखनीय है कि जिस दिन शिवम का शव गंगा नदी से बरामद हुआ था, उसी दिन एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए थे.

परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप

परिजनों के अनुसार शिवम का अपनी एक सहपाठी से प्रेम प्रसंग था और घटना वाले दिन दोनों के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद शिवम मानसिक रूप से परेशान हो गया था. शिवम के पिता ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि कथित प्रेमिका और उसके परिवार के लोगों ने मिलकर उनके बेटे को गायब किया.

गौरतलब है कि शिकायत के आधार पर जमालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इसके अगले दिन शिवम का शव गंगा नदी से बरामद हुआ, जबकि उसका मोबाइल फोन और चप्पल मुंगेर गंगा पुल से मिले थे. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है और निष्पक्ष जांच के बाद ही न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >