जमालपुर. जमालपुर से हावड़ा के बीच चलने वाली 13071/13072 अप/डाउन सुपर एक्सप्रेस का परिचालन पटना तक विस्तारित किए जाने की कथित योजना का विरोध शुरू हो गया है. चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ विभिन्न राजनीतिक दल और सामाजिक संगठन भी इस विस्तार के विरोध में सामने आने लगे हैं. उनका कहना है कि जमालपुर से चलने वाली इस महत्वपूर्ण ट्रेन का मूल परिचालन बरकरार रखा जाना चाहिए.
राजद नेता ने मालदा डीआरएम से मिलकर सौंपा आवेदन
राजद मुंगेर जिला बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेश रमन राजू ने सोमवार को मालदा पहुंचकर डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता से मुलाकात की और हावड़ा-जमालपुर सुपर एक्सप्रेस का परिचालन पटना से शुरू किए जाने का विरोध किया. उन्होंने डीआरएम को आवेदन सौंपकर जमालपुर से ही ट्रेन का परिचालन जारी रखने की मांग की.
राजेश रमन राजू ने कहा कि 13071/13072 हावड़ा-जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस करीब 40 वर्षों से जमालपुर से चल रही है. यह ट्रेन जमालपुर से ही यात्रियों से पूरी तरह भरी रहती है और इससे रेलवे को राजस्व भी प्राप्त होता है.
रेल कारखाना और संस्थान के अधिकारियों के लिए भी महत्वपूर्ण है ट्रेन
राजद नेता ने कहा कि जमालपुर रेल इंजन कारखाना और भारतीय रेलवे यांत्रिक एवं विद्युत अभियंत्रण संस्थान से जुड़े रेलवे के वरीय अधिकारियों का भी इस ट्रेन से आवागमन होता है. ऐसे में सुपर एक्सप्रेस का परिचालन पटना से शुरू करना क्षेत्र के हित में उचित नहीं होगा.
उन्होंने कहा कि यदि जमालपुर होते हुए पटना से हावड़ा के लिए अतिरिक्त ट्रेन चलाने की आवश्यकता है तो रेलवे नई ट्रेन का परिचालन शुरू करे, लेकिन जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस का मूल परिचालन जमालपुर से ही बरकरार रखा जाए.
रेलवे बोर्ड अध्यक्ष और रेल मंत्री से भी की मांग
राजेश रमन राजू ने ज्ञापन के माध्यम से रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी सुपर एक्सप्रेस का परिचालन जमालपुर और हावड़ा के बीच पूर्व की तरह जारी रखने का अनुरोध किया.
उन्होंने जमालपुर स्टेशन की सुविधाओं का मुद्दा भी उठाया. कहा कि पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव और पूर्व सांसद जयप्रकाश नारायण यादव के कार्यकाल में स्टेशन पर बड़े-बड़े पंखे लगाए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें हटा लिया गया.
पटना से परिचालन शुरू होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
राजद नेता ने कहा कि यदि सुपर एक्सप्रेस का परिचालन पटना से शुरू किया जाता है तो पार्टी इसके खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी. उन्होंने कहा कि जमालपुर के यात्रियों और रेलवे से जुड़े लोगों के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी.
संघर्ष मोर्चा के संयोजक ने भी विस्तार का किया विरोध
जमालपुर रेल निर्माण कारखाना संघर्ष मोर्चा के संयोजक सह सपा जिलाध्यक्ष पप्पू यादव ने भी हावड़ा-जमालपुर सुपर एक्सप्रेस के विस्तारीकरण पर रोक लगाने की मांग की है. उन्होंने रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष, पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक और मालदा डीआरएम को पत्र लिखकर इस निर्णय पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया.
उन्होंने कहा कि पटना से हावड़ा के लिए पहले से ही रोजाना दर्जनों ट्रेनों का परिचालन होता है. इसके बावजूद जमालपुर की महत्वपूर्ण और एकमात्र प्रमुख ट्रेन का विस्तार पटना तक करना क्षेत्र के यात्रियों के हित में नहीं होगा.
रेल कर्मचारियों और दैनिक यात्रियों की जीवनरेखा बताई
पप्पू यादव ने कहा कि जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस रेल कर्मचारियों और दैनिक यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रेन है. पूर्व में इस रेलखंड की कई ट्रेनों का परिचालन बंद किया जा चुका है, जिसका असर यात्रियों के साथ रेलवे के टीएक्सआर और कैरिज एंड वैगन विभाग पर भी पड़ा है. उन्होंने रेलवे प्रशासन से जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस के विस्तारीकरण पर रोक लगाने और जमालपुर से इसके वर्तमान परिचालन को बरकरार रखने की मांग की है.
