राजस्व कर्मियों के हड़ताल से वापस आने पर अंचल कार्यालय में लौटी रौनक
हवेली खड़गपुर.
राजस्व कर्मचारियों की लगभग 86 दिनों तक चली हड़ताल समाप्त हो गयी है. अब राजस्व कर्मी अपने काम पर लौट आये और अंचल कार्यालय में रौनक लौट आयी. हड़ताल अवधि के दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन, रसीद कटान, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र जैसे जरूरी कार्य ठप पड़े हुए थे और आमलोगों को काफी परेशानी हो रही थी. कर्मचारियों के काम पर वापस लौटने से लोगों ने राहत की सांस ली है.राजस्व कर्मियों की हड़ताल से जमीन संबंधी कामकाज के लिए दूर-दराज गांवों से आने वाले लोग रैयत कार्यालय पहुंचकर अपने काम होने की उम्मीद लगाए बैठे रहते थे, लेकिन हड़ताल के कारण उन्हें बार-बार निराश होकर लौटना पड़ता था. अब अंचल कार्यालय में काम शुरू होने की खबर मिलते ही लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देने लगी है. आमलोगों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद अब उन्हें अपने जरूरी कार्य पूरे होने की उम्मीद जगी है. कई लोगों ने बताया कि आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण छात्रों और जरूरतमंदों को भी परेशानी हो रही थी. सोमवार से अंचल कार्यालय में लंबित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया में तेज होने की संभावना है. लोगों को उम्मीद है कि अब कार्यालय में पहले की तरह नियमित रूप से काम होगा और लंबित फाइलों का जल्द समाधान किया जायेगा.
