एक वृक्ष मां के नाम’ पर जमालपुर स्टेशन पर लगाये गये पौधे
One Tree For Mother: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मालदा रेल मंडल द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता एवं पर्यावरण पखवाड़ा के तहत जमालपुर रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष पौधारोपण अभियान चलाया गया. ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम के साथ रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्टेशन के बगीचे में दर्जनों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Munger News : मुंगेर जिले के जमालपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन परिसर स्थित बगीचे में बुधवार को पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम मालदा रेल मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के सिलसिले में मनाए जा रहे स्वच्छता एवं पर्यावरण पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित किया गया.
15 मई से चल रहा स्वच्छता और पर्यावरण पखवाड़ा
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान स्टेशन प्रबंधक दीपक कुमार और मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि मालदा रेल मंडल में 15 मई से 5 जून तक स्वच्छता एवं पर्यावरण पखवाड़ा मनाया जा रहा है.इस अभियान के तहत मुख्यालय मालदा की ओर से प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियों की सूची जारी की जा रही है, जिसके अनुसार रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर जागरूकता और स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
पौधारोपण का उद्देश्य स्टेशन परिसर को हराभरा बनाना
बुधवार को “एक पेड़ मां के नाम” थीम के अंतर्गत जमालपुर रेलवे स्टेशन परिसर में दर्जनभर छायादार वृक्षों का पौधारोपण किया गया. अधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण का उद्देश्य स्टेशन परिसर को हराभरा बनाना और यात्रियों को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है.रेलवे अधिकारियों ने यह भी कहा कि जिन लोगों ने पौधे लगाए हैं, वे उनकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएंगे, ताकि पौधे सुरक्षित रूप से विकसित हो सकें.
रेल कर्मचारियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान रेलवे कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया. इस मौके पर पॉइंट्समैन रजनीकांत, आदेश पाल, विक्टर कुमार सहित कई सफाईकर्मी और रेलवे कर्मचारी मौजूद रहे.रेलवे की इस पहल को स्थानीय लोगों ने भी सराहा और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम बताया.