मुंगेर दरोगा की पत्नी की मौत हत्या थी या आत्महत्या? पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुलिस हैरान, अब FSL रिपोर्ट का इंतजार

Munger: मुंगेर में दरोगा चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी की संदिग्ध मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बड़ा मोड़ ला दिया है. आत्महत्या की कहानी अब कमजोर पड़ गई है. पुलिस को पहली नजर में हत्या की आशंका दिख रही है. अंतिम फैसला एफएसएल रिपोर्ट के बाद होगा.

Munger: मुंगेर के सफियासराय थाना में तैनात दरोगा चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी की संदिग्ध मौत मामले में 21 दिन बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे केस की दिशा बदल दी है. अब तक जिस मामले को आत्महत्या माना जा रहा था, उसमें अब हत्या की आशंका मजबूत होती दिख रही है. पुलिस ने भी पहली बार साफ संकेत दिया है कि मामला सामान्य नहीं है.

आत्महत्या की कहानी पर उठे बड़े सवाल

11 अप्रैल की शाम मधु कुमारी की मौत पति की सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगने के बाद हुई थी. घटना के तुरंत बाद दरोगा पति चंदन कुमार ने इसे आत्महत्या बताया था. लेकिन मधु के परिवार ने शुरू से ही इस दावे पर सवाल उठाया. परिवार का कहना था कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है.

दहेज प्रताड़ना और विवाद के आरोप

मधु के पिता रंजीत कुमार ने दामाद चंदन कुमार पर गंभीर आरोप लगाए थे. उनका कहना था कि उनकी बेटी को लंबे समय से दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था. परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि चंदन कुमार का एक महिला दरोगा के साथ कथित संबंध था, जिसको लेकर घर में अक्सर विवाद होता था. इन सभी बातों का जिक्र परिवार की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन में भी किया गया था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बदल दी जांच

मधु कुमारी का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराया गया था. डॉक्टर रमन, डॉक्टर रुपेश और डॉक्टर शशांक की टीम ने रिपोर्ट तैयार की. रिपोर्ट में सामने आया कि गोली मधु की छाती के बीच में लगी और पीठ से बाहर निकली. गोली की दिशा और एंट्री-एग्जिट प्वाइंट ने आत्महत्या की संभावना को काफी कमजोर कर दिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक उपलब्ध साक्ष्य पहली नजर में हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

एफएसएल रिपोर्ट का हो रहा इंतजार

सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने कहा है कि अभी तक की जांच में मामला हत्या जैसा लग रहा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष एफएसएल और बैलेस्टिक रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा. फिलहाल आरोपी पति चंदन कुमार मुंगेर जेल में बंद है. पुलिस उससे पूछताछ कर चुकी है और जांच में कई अहम बातें सामने आई हैं. अब पूरे मामले की नजर वैज्ञानिक एफएसएल रिपोर्ट पर टिकी है.

इसे भी पढ़ें: बिहार कैबिनेट विस्तार का काउंटडाउन शुरू, राम कृपाल यादव बोले- अब और समय नहीं लगेगा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >