संग्रामपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट:
Munger news: प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में बुधवार को 15 दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया. शिविर का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय संस्थान, नई दिल्ली के तत्वावधान में किया जा रहा है. प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के सैकड़ों युवक-युवतियां उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं.
शिविर के मास्टर ट्रेनर प्रियांशु कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क है. इसके माध्यम से प्रतिभागियों को योग की विभिन्न विधियों, स्वास्थ्य लाभों तथा नियमित योगाभ्यास के महत्व की विस्तृत जानकारी दी जा रही है.
उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने और जीवनशैली को संतुलित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवाओं को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है.
16 जून तक चलेगा प्रशिक्षण
मास्टर ट्रेनर ने बताया कि योग प्रशिक्षण शिविर 16 जून तक संचालित होगा. प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा.
शिविर के आयोजन से क्षेत्र के युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है. बड़ी संख्या में प्रतिभागी प्रतिदिन प्रशिक्षण सत्र में शामिल होकर योग की बारीकियां सीख रहे हैं.
