मुंगेर-जमालपुर में बनेंगे 6 शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 3.43 करोड़ से होगा निर्माण, घर के पास मिलेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं

मुंगेर और जमालपुर के लोगों के लिए अच्छी खबर है. जल्द ही 6 नए शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निर्माण शुरू होगा. 3.43 करोड़ की लागत से बनने वाले ये केंद्र घर के पास OPD, टीकाकरण और NCD जांच जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेंगे.

मुंगेर नगर निगम और जमालपुर नगर परिषद क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है. दोनों शहरी निकाय क्षेत्रों में जल्द ही छह शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के भवन निर्माण का कार्य शुरू होगा. स्वास्थ्य विभाग से इन केंद्रों के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है. वहीं निर्माण एजेंसी बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) द्वारा टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है. इन छह केंद्रों के निर्माण पर कुल 3 करोड़ 43 लाख 20 हजार 480 रुपये खर्च होंगे.

जनवरी में मांगी गयी थी जमीन

लोगों को घर के नजदीक बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने जनवरी में मुंगेर नगर निगम और जमालपुर नगर परिषद से छह आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लिए जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था. इसके बाद दोनों नगर निकायों ने जून में स्वास्थ्य विभाग को जमीन उपलब्ध करायी. जमीन मिलने के बाद विभाग ने इन केंद्रों के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति का प्रस्ताव भेजा था.

जुलाई में मिली प्रशासनिक स्वीकृति

स्वास्थ्य विभाग को छह शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति जुलाई में ही मिल गयी. इसके बाद निर्माण एजेंसी BMSICL ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है. अब जल्द ही संबंधित स्थानों पर भवन निर्माण का काम शुरू होने की उम्मीद है.

इन छह इलाकों में बनेंगे स्वास्थ्य केंद्र

मुंगेर नगर निगम क्षेत्र में चार शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाये जाएंगे. इनमें वार्ड संख्या 4 के दलहट्टा, वार्ड संख्या 37 के मनिया चौराहा, वार्ड संख्या 38 के खोजा बाजार और वार्ड संख्या 40 के कासिम बाजार शामिल हैं. वहीं जमालपुर नगर परिषद क्षेत्र में वार्ड संख्या 32 के रामचंद्रपुर और वार्ड संख्या 34 के नयाटोला केशोपुर में दो आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू होंगे.

ओपीडी से टीकाकरण तक मिलेगी सुविधा

इन केंद्रों के शुरू होने के बाद आसपास रहने वाले लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. यहां ओपीडी के अलावा गैर-संचारी रोगों यानी NCD की जांच और देखभाल, टीकाकरण, परिवार नियोजन समेत कई प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी. इससे शहरी क्षेत्र के लोगों को उनके घर के आसपास ही नियमित स्वास्थ्य सेवा मिलने में सहूलियत होगी.

3.43 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण

छहों शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के भवन निर्माण पर कुल 3,43,20,480 रुपये खर्च किये जाएंगे. प्रशासनिक स्वीकृति और टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है. भवन तैयार होने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से सेवा के लिए शुरू किया जाएगा.

जल्द शुरू होगा भवन निर्माण

सिविल सर्जन डॉ. राजू ने बताया कि मुंगेर नगर निगम और जमालपुर नगर परिषद क्षेत्र में छह शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है. BMSICL ने टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है. जल्द ही भवन निर्माण शुरू होगा और निर्माण पूरा होने के बाद सभी छह केंद्रों को शुरू किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमित झा

अमित झा प्रिंट माध्यम में 06 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >