मुंगेर के निजी अस्पताल में चोरी, ऑपरेशन के बाद मरीज के पर्स से लाखों के जेवर गायब

Munger Hospital Theft: जानकारी के अनुसार, जमालपुर के बद्दीपाड़ा निवासी एवं रेलवे वर्कशॉप में कार्यरत वरिष्ठ अभियंता शुभम कुमार ने अपनी पत्नी कोमल कुमारी को पित्ताशय (गॉल ब्लैडर) के ऑपरेशन के लिए सुरिमस हॉस्पिटल में भर्ती कराया था. शुक्रवार को सफल ऑपरेशन के बाद उन्हें वार्ड में शिफ्ट किया गया था.

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट:

Munger Hospital Theft: कासिम बाजार थाना क्षेत्र स्थित बैजनाथ सिनेमा के समीप एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला मरीज के पर्स से 50 हजार रुपये नकद और करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.

जानकारी के अनुसार, जमालपुर के बद्दीपाड़ा निवासी एवं रेलवे वर्कशॉप में कार्यरत वरिष्ठ अभियंता शुभम कुमार ने अपनी पत्नी कोमल कुमारी को पित्ताशय (गॉल ब्लैडर) के ऑपरेशन के लिए सुरिमस हॉस्पिटल में भर्ती कराया था. शुक्रवार को सफल ऑपरेशन के बाद उन्हें वार्ड में शिफ्ट किया गया था.

बताया जाता है कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे मरीज के साथ मौजूद एक महिला परिजन शौचालय चली गईं. इसी दौरान वार्ड में सो रही कोमल कुमारी के पास रखा पर्स अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया.

परिजनों के अनुसार पर्स में 50 हजार रुपये नकद के अलावा करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के जेवरात रखे हुए थे. काफी खोजबीन के बाद अस्पताल की छत के ऊपरी हिस्से में खाली पर्स बरामद हुआ. अस्पताल के एक सफाईकर्मी ने पर्स परिजनों को सौंपा, जिसके बाद चोरी की पुष्टि हुई. हालांकि नकदी और जेवरात गायब थे.

पीड़िता कोमल कुमारी और उनके पति शुभम Kumar ने बताया कि ऑपरेशन और अन्य आवश्यकताओं को देखते हुए वे नकद राशि और जेवरात साथ लेकर आए थे. उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों में भी यदि मरीज और उनके परिजन सुरक्षित नहीं हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है.

सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी पुलिस

अस्पताल प्रबंधक डॉ. सुनील सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. जांच के बाद ही चोरी की वारदात में शामिल व्यक्ति की पहचान हो सकेगी.

वहीं कासिम बाजार थाना अध्यक्ष रूबी कांत कच्छप ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.

घटना के बाद अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों में भी चिंता और असुरक्षा का माहौल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >