मुंगेर के हवेली खड़गपुर में गूंजे मोहम्मद रफी के सदाबहार गीत, संगीत प्रेमियों ने देर रात तक लिया सुरों का आनंद

मुंगेर के हवेली खड़गपुर में 'एक शाम रफी के नाम' कार्यक्रम ने संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया. मेलोडी म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने मोहम्मद रफी के अमर गीतों से देर रात तक समां बांधे रखा. अधिकारियों ने संगीत को बताया सांस्कृतिक धरोहर.

Munger News: मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर में शुक्रवार की शाम संगीत प्रेमियों के लिए यादगार बन गई. नगर क्षेत्र के मारवाड़ी टोला स्थित प्रज्ञा मैरिज हॉल में आयोजित ‘एक शाम रफी के नाम’ कार्यक्रम ने श्रोताओं को हिंदी फिल्म संगीत के स्वर्णिम दौर में पहुंचा दिया. शाम सात बजे से शुरू हुआ यह संगीतमय आयोजन देर रात तक चलता रहा और मोहम्मद रफी के अमर गीतों की मधुर प्रस्तुतियों पर लोग देर रात तक झूमते रहे.

पूरे कार्यक्रम के दौरान हॉल तालियों की गड़गड़ाहट, संगीत प्रेमियों की सराहना और रफी साहब के सदाबहार गीतों की गूंज से भर गया. हर प्रस्तुति के साथ श्रोताओं का उत्साह और बढ़ता गया.

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रोशन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार, खड़गपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव नीरज कुमार साह और आयोजक मनोज कुमार रघु ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.

उद्घाटन से पहले अतिथियों ने महान गायकों मोहम्मद रफी, किशोर कुमार, मन्ना डे, मुकेश और महेंद्र कपूर के तैलचित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम का संचालन शिबू दा ने किया, जिन्होंने पूरे आयोजन को सहज और आकर्षक ढंग से आगे बढ़ाया.

मेलोडी म्यूजिकल ग्रुप ने बांधा समां

कार्यक्रम में मेलोडी म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने मोहम्मद रफी के लोकप्रिय गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं. हर गीत के बाद दर्शकों ने तालियों की गूंज से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया.

इस दौरान खड़गपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव नीरज कुमार साह ने भी मंच पर रफी के चर्चित गीत प्रस्तुत किए, जिन्हें श्रोताओं ने खूब पसंद किया और उनकी प्रस्तुति पर जमकर वाहवाही हुई.

अधिकारियों ने बताया संगीत को सांस्कृतिक धरोहर

मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रोशन ने कहा कि मोहम्मद रफी की आवाज आज भी हर पीढ़ी के दिलों में जीवित है. उनके गीतों में संवेदना, मधुरता और भारतीय संस्कृति की झलक स्पष्ट दिखाई देती है.

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि रफी साहब का संगीत भारतीय सिनेमा की अमूल्य धरोहर है. उनके गीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि भावनाओं और संस्कारों का भी माध्यम हैं, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे.

नई पीढ़ी तक संगीत की विरासत पहुंचाने की पहल

आयोजक मनोज कुमार रघु ने सभी अतिथियों, कलाकारों और संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज में संगीत और कला के प्रति रुचि बढ़ाने का काम करते हैं.

उन्होंने कहा कि रफी जैसे महान कलाकारों की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

Munger News: बड़ी संख्या में जुटे संगीत प्रेमी

कार्यक्रम में चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अंजनी ठाकुर, एम एकेडमी के निदेशक नीरज कुमार, विपिन खीरी, दंत चिकित्सक डॉ. अभिषेक सौरभ, सरपंच रशीद कमर, मोहम्मद नौशाद, नंदकिशोर चौधरी, शत्रुघ्न कुमार सहित आयोजन समिति के सदस्य और नगर के बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे.

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और कलाकारों के सम्मान समारोह के साथ हुआ, लेकिन रफी के गीतों की मधुर गूंज देर रात तक लोगों की जुबान और यादों में बनी रही.

Also Read: क्या मंत्री दीपक प्रकाश पूरे 5 साल पद पर बने रहेंगे? देवेश कुमार के इस्तीफे से टला संकट, लेकिन कहानी अभी खत्म नहीं हुई

Also Read: IPS Shailja Das: बिहार की Gen-Z IPS शैलजा कौन हैं? 23 की उम्र में UPSC किया क्रैक, अब 'लेडी सिंघम' के नाम से हो रहीं फेमस


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सौरभ कुमार

सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >