जीआईएस आधारित मास्टर प्लान से बदलेगी मुंगेर की तस्वीर, एक सप्ताह में मांगे गए सभी विभागों से आंकड़े

Munger Development : मुंगेर आयोजना क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिए GIS आधारित मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है. स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुधार की योजना है. यह योजना मुंगेर को एक नई दिशा देगी.

Munger Development : मुंगेर आयोजना क्षेत्र के समग्र एवं सुनियोजित विकास को लेकर जीआईएस (Geographic Information System) आधारित मास्टर प्लान तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. इस संबंध में मंगलवार को मुंगेर संग्रहालय स्थित सभागार में प्रमंडलीय आयुक्त सह जिला आयोजना क्षेत्र प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रेम सिंह मीणा की अध्यक्षता में हितधारकों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई.

बैठक में जीआईएस आधारित मास्टर प्लान के उद्देश्य, कार्यक्षेत्र और प्रस्तावित विकास योजनाओं का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया. इस दौरान शहर के वर्तमान स्वरूप और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों के विकास पर गंभीरता से चर्चा की गई.

स्वास्थ्य से पर्यटन तक हर क्षेत्र के विकास पर हुआ मंथन

बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं, कानून-व्यवस्था, रेलवे कनेक्टिविटी, पेयजल आपूर्ति, सड़क अवसंरचना, औद्योगिक क्षेत्र, शिक्षा, सीवरेज व्यवस्था, बैंकिंग, सिंचाई, बिजली आपूर्ति, यातायात, संचार, कृषि, पर्यटन, पशुपालन, मत्स्य पालन तथा प्रस्तावित नई विकास परियोजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.

संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से जुड़े सुझाव और आवश्यक जानकारियां साझा कीं, ताकि मास्टर प्लान में सभी आवश्यक पहलुओं को शामिल किया जा सके.

एक सप्ताह में उपलब्ध कराने होंगे सभी जरूरी आंकड़े

प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि मास्टर प्लान को निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयार करने के लिए आवश्यक आंकड़ों और सूचनाओं का संग्रह कर एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि समय पर और सटीक जानकारी मिलने से योजना निर्माण में किसी प्रकार की देरी नहीं होगी तथा शहर के विकास की रूपरेखा प्रभावी ढंग से तैयार की जा सकेगी.

शहर के भविष्य को मिलेगी नई दिशा

बैठक में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि जीआईएस आधारित मास्टर प्लान लागू होने के बाद मुंगेर के शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी. भविष्य की जनसंख्या, आधारभूत सुविधाओं और आर्थिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जाएंगे. इससे शहर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी.

बैठक में पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान, अपार समाहर्ता मनोज कुमार, नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें : 3936 करोड़ के खगड़िया-पूर्णिया फोर लेन को मिली मंजूरी, 4 घंटे का सफर होगा 2 घंटे में, बाढ़ का भी होगा स्थायी समाधान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >