– कुलपति के प्रतिनिधिमंडल ने 16 दिनों में प्रोन्नति की प्रक्रिया पूर्ण करने का दिया आश्वासन
मुंगेरपूर्व में प्रोन्नति से वंचित शिक्षकों के प्रमोशन तथा शिक्षकों के सेवा संपुष्टि की मांग को लेकर मुंगेर विश्वविद्यालय के सीनेटर डॉ कुंदनलाल ने मंगलवार को विश्वविद्यालय में एक दिवसीय धरना दिया. हलांकि पूरे दिन धरना पर बैठने के बाद अपराह्न 4 बजे के बाद कुलपति का एक प्रतिनिधिमंडल ने धरना स्थल पर सीनेटर से वार्ता की. जिसमें 16 दिनों के अंदर प्रोन्नति की प्रक्रिया पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया. इस दौरान सीनेटर ने प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट कहा कि यदि 16 दिनों में प्रोन्नति की प्रक्रिया पूर्ण नहीं होती है तो 15 मई से वे विश्वविद्यालय में आमरण अनशन पर बैठेंगे.
धरना पर बैठे सीनेट सदस्य ने बताया कि 6 अप्रैल को कुलपति को पत्र लिखकर शिक्षकों के सेवा संपुष्टि और लंबित प्रोन्नति प्रक्रिया को पूरा करने की मांग की थी. साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर 21 अप्रैल से विश्वविद्यालय में धरने पर बैठने की बात कही गयी थी. उन्होंने कहा कि दो वर्षों से अधिक सेवा पूरी कर चुके शिक्षकों की सेवा संपुष्टि एवं सितंबर 2025 से लंबित शिक्षकों के प्रोन्नति को पूरा करने के लिये उनके द्वारा 9 मार्च को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन एक माह बाद भी विश्वविद्यालय की ओर से दोनों ही मुद्दों पर कोई भी सकारात्मक प्रयास नहीं किया गया. इतना ही नहीं दोबारा पत्र देने के बाद भी अबतक विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा उनके मांगों पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया.