एमयू एनएसएस ईकाई ने ”फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज” का किया आयोजन
मुंगेर. युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण, शारीरिक फिटनेस और मानसिक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए 3 से 9 मार्च तक कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं. जिसे लेकर रविवार को अंतिम दिन मुंगेर विश्वविद्यालय के एनएसएस ईकाई द्वारा ”संडे ऑन साइकिल” पहल के तहत ”फिटनेस रैली” का आयोजन किया गया. जिसमें खुद कुलपति प्रो. संजय कुमार तथा कुलसचिव कर्नल विजय कुमार ठाकुर भी शामिल हुए. कुलपति ने रैली पूर्ण होने पर कहा कि ”फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज” और संडे ऑन साइकिल के संदेश को प्रचारित करें, ताकि महिलाएं अपनी दैनिक दिनचर्या में शारीरिक गतिविधि को शामिल कर सके. प्रतिदिन दवा खाने से बेहतर है कि अपने फिटनेस पर ध्यान दें. भारत युवाओं का देश है और स्वस्थ युवा भारत के विकसित होने के सपने को साकार कर सकते हैं. उन्होंने युवा सांसद 2025 में प्रतिभाग करने के लिए छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया. कुलसचिव ने स्वयं साइकिल रैली में साइकिलिंग कर छात्रों को संदेश दिया. उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली जीने के लिए अपने फिटनेस और स्वास्थ्य के लिए हर दिन 30 मिनट का समय निकालें. साथ ही अपने परिवार के सदस्यों तथा पड़ोसियों को फिट और स्वस्थ रहने के लिए प्रोत्साहित करें. रैली के दौरान आरडी एंड डीजे कॉलेज के गार्डन का निरीक्षण भी किया. उन्होंने एनसीसी कैडेट के मेहनत पर हर्ष प्रकट किया. एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ मुनींद्र कुमार सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों के अधिकार, समानता, और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है. कार्यक्रम के तहत जेआरएस काॅलेज से प्राचार्य प्रो. देवराज सुमन के नेतृत्व में फिटनेस रैली निकाली गयी. एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ प्रभाकर पोद्दार के नेतृत्व में एनसीसी के सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी को प्रस्तुत किया. संचालन जेआरएस कॉलेज के कार्यक्रम पदाधिकारी डा. राजेश कुमार सिंह ने किया. मौके पर डॉ श्याम कुमार, डॉ वंदना कुमारी, अवधेश कुमार, एनएसएस कार्यालय कर्मी सुमंत कुमार, सौरव सांडिल्य, एनएसएस स्वयंसेवक आदर्श मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
