रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक छोड़ने का संदेश

Jamalpur Station Awareness Drive : जमालपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को यात्रियों को पर्यावरण बचाने का खास संदेश दिया गया. रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा बल के जवानों ने लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के खतरों के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि आज की छोटी लापरवाही आने वाली पीढ़ियों के लिए बड़ा संकट बन सकती है.

जमालपुर, मुंगेर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट :

पूर्व रेलवे के मालदा डिवीजन द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता और पर्यावरण पखवाड़ा के तहत सोमवार को जमालपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर जागरूकता अभियान चलाया गया. मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक पंकज कुमार के नेतृत्व में यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया. अभियान में सफाई कर्मियों और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने भी भाग लिया.

सिंगल यूज प्लास्टिक को बताया पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा

अभियान के दौरान यात्रियों को बताया गया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बेहद नुकसानदायक है. अधिकारियों ने कहा कि यह ऐसा पदार्थ है जो 100 साल बाद भी पूरी तरह खत्म नहीं होता और लगातार प्रदूषण फैलाता रहता है.यात्रियों को समझाया गया कि प्लास्टिक प्रदूषण की वजह से पृथ्वी पर रहने वाले जीव-जंतु प्रभावित हो रहे हैं. वैश्विक तापमान तेजी से बढ़ रहा है और हिम ग्लेशियर लगातार पिघल रहे हैं. इसके साथ ही ओजोन परत को भी नुकसान पहुंच रहा है, जिससे सूरज की अल्ट्रावायलेट किरणें सीधे धरती तक पहुंच रही हैं.

यात्रियों को दिया जागरूक जीवनशैली अपनाने का संदेश

मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक पंकज कुमार ने यात्रियों से अपील की कि वे रेल यात्रा के दौरान अपने घर से मेटल या पुनः उपयोग में आने वाली पानी की बोतल लेकर निकलें. इससे प्लास्टिक बोतलों की जरूरत कम होगी और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी.उन्होंने कहा कि अगर लोग अभी से जागरूक नहीं हुए तो आने वाले समय में पर्यावरण संकट और गंभीर हो सकता है. इसलिए हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करे.

रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने की भी अपील

जागरूकता अभियान के दौरान यात्रियों को ट्रेन और रेलवे परिसर को साफ-सुथरा रखने के लिए भी प्रेरित किया गया. अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल रेलवे की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर यात्री की भागीदारी से ही इसे सफल बनाया जा सकता है.रेलवे सुरक्षा बल के जवानों और सफाई कर्मियों ने यात्रियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए सहयोग करने की अपील की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >