पुल में निकले छड़ से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

तारापुर-खड़गपुर मुख्य मार्ग में मंगलवार की देर रात चौरा नदी पुल के समीप निर्माणाधीन पुल में निकले छड़ से टकराकर एक बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.

तारापुर. तारापुर-खड़गपुर मुख्य मार्ग में मंगलवार की देर रात चौरा नदी पुल के समीप निर्माणाधीन पुल में निकले छड़ से टकराकर एक बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि दूसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है. घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया है. बताया जाता है कि तेघरा गांव निवासी बिंदेश्वरी सिंह का 36 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार सिंह एवं बाइक के पीछे बैठा औरंगा गांव निवासी शंकर मंडल का पुत्र दीपक कुमार तारापुर से खड़गपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान चौरा नदी पुल के समीप निर्माणाधीन पुल में निकले छड़ से टकरा गया और दोनों बाइक सहित दूर जा गिरा. दोनों घायलों को तारापुर थाना के पुलिस पदाधिकारी अनिल सिंह ने इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तारापुर में भर्ती कराया. जहां चिकित्सक ने राजीव कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीपक कुमार को गंभीर चोट लगने के कारण उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया. वह जिंदगी-मौत के बीच जूझ रहा है. वहीं पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक के पिता बिंदेश्वरी सिंह का कहना है कि राजीव बथान जाने की बात कहकर घर से निकला था. जब उसकी खोजबीन की तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ था. घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. इधर तारापुर-खड़गपुर सड़क चौड़ीकरण के लिए निर्माण किये जा रहे पुल पर संवेदक द्वारा कोई साइन बोर्ड भी नहीं लगाया गया है, जिसके कारण इस पुल के समीप कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं.

अनियंत्रित होकर टेंपो पलटी, चालक की मौत

असरगंज. सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग में बुधवार को सुल्तानगंज की ओर से आ रही एक टेंपो सती स्थान गांव के समीप अनियंत्रित होकर पलट गयी. जिससे टेंपो चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक चालक की पहचान तारापुर थाना क्षेत्र के मानिकपुर कसबा निवासी राजीव झा के रूप में हुई. इस संबंध में असरगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया गया है, मामले की जांच की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >