Munger News: मुंगेर जिले के असरगंज क्षेत्र से गुजरने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के 105 किलोमीटर लंबे कच्ची कांवरिया पथ पर इन दिनों शिवभक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिल रहा है. शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से आए शिवभक्तों की टोली भगवान शिव के अर्धनारीश्वर स्वरूप की विशाल प्रतिमा लेकर देवघर के लिए रवाना हुई. श्रद्धालुओं ने इस अनोखी कांवर को देखकर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया.
9 फीट ऊंची और 100 किलो वजनी प्रतिमा बनी आकर्षण
शिवभक्तों द्वारा ले जाई जा रही भगवान शिव के अर्धनारीश्वर स्वरूप की प्रतिमा लगभग 9 फीट ऊंची और करीब 100 किलो वजनी है. प्रतिमा में भगवान शिव के त्रिशूल को एलईडी बल्बों से सजाया गया है, जिससे इसकी भव्यता और भी बढ़ गई है. इस विशाल कांवर को एक समय में चार श्रद्धालु अपने कंधों पर उठाकर आगे बढ़ रहे हैं.
कोलकाता से आई 26 श्रद्धालुओं की टोली
टोली में शामिल श्रद्धालु विशाल सिंह ने बताया कि उनकी 26 सदस्यीय टीम पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित दक्षिण गढ़ी, 24 नंबर रेलवे गेट क्षेत्र से आई है. सभी श्रद्धालु नंदेश्वर महादेव के बैनर तले सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए हैं.
डेढ़ महीने में तैयार हुई विशेष प्रतिमा
टोली के सदस्य कार्तिक मंडल ने बताया कि उनके वरिष्ठ वर्षों से इस परंपरा का निर्वहन करते आ रहे हैं. इस बार उन्होंने भी इस सेवा का संकल्प लिया. विशेष ऑर्डर पर तैयार कराई गई इस प्रतिमा को बनाने में करीब डेढ़ महीने का समय लगा. पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालु शिवभक्ति में लीन होकर बाबा धाम की ओर बढ़ रहे हैं.
कच्ची कांवरिया पथ पर दिख रही अनूठी आस्था
Munger News: सुल्तानगंज से देवघर तक फैले कच्ची कांवरिया पथ पर हर दिन लाखों श्रद्धालु "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ आगे बढ़ रहे हैं. अर्धनारीश्वर स्वरूप की यह भव्य कांवर श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है और शिवभक्ति की अद्भुत मिसाल पेश कर रही है.
