सिर्फ 20 हजार के लालच में असम से दिल्ली ले जा रहा था 22 किलो गांजा; राजधानी एक्सप्रेस के AC मैकेनिक ने खोला पूरा राज

राजधानी एक्सप्रेस के पावर कार से 22.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 11 लाख 15 हजार रुपये है. इस मामले में एक कांट्रैक्चुअल एसी मैकेनिक को गिरफ्तार किया गया है, जिसने खुलासा किया कि उसे यह खेप आनंद विहार पहुंचानी थी.

मुंगेर, जमालपुर. सैरंग राजधानी एक्सप्रेस के पावर कार से रेलवे सुरक्षा बल की सीआईबी टीम ने गांजा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए 22.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. इस मामले में पावर कार में कांट्रैक्चुअल एसी मैकेनिक के रूप में काम करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. बरामद गांजा का बाजार मूल्य करीब 11 लाख 15 हजार रुपये बताया गया है. कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपी और बरामद गांजा को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना जमालपुर को सौंप दिया गया.

गुप्त सूचना पर भागलपुर पहुंची सीआईबी टीम

सीआईबी इंस्पेक्टर सुधांशु कुमार सुधा को शनिवार की रात सूचना मिली कि 20507 अप सैरंग राजधानी एक्सप्रेस के माध्यम से गांजा की तस्करी की जा रही है. सूचना के बाद असिस्टेंट सिक्योरिटी कमांडेंट के निर्देश पर सुधांशु कुमार सुधा के नेतृत्व में टीम गठित की गयी.

सीआईबी टीम भागलपुर पहुंची और राजधानी एक्सप्रेस के पावर कार की जांच शुरू की. इसी दौरान टीम की नजर एक व्यक्ति पर पड़ी, जो अपनी सीट के नीचे कुछ सामान छिपाकर रखे हुए था.

सीट के नीचे छिपाकर रखा था गांजा

पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने बताया कि वह ट्रेन के पावर कार में कांट्रैक्चुअल एसी मैकेनिक के रूप में काम करता है और उसकी ड्यूटी सैरंग से आनंद विहार तक लगायी गयी है. उसने अपना नाम करेंद्र दास बताया. वह असम के कामरूप जिले के हाजो थाना क्षेत्र स्थित मिजनमुवा कुची के नानकुची निवासी नागेश्वर दास का पुत्र बताया गया है. उसने पूछताछ में यह भी बताया कि उसका सुपरवाइजर इमरान अली भी इसी पावर कार से यात्रा कर रहा है. इसके बाद सीआईबी टीम ने ट्रेन के टीटीई संतोष भौमिक को मौके पर बुलाया.

आनंद विहार पहुंचाना था गांजा, मिलना था 20 हजार रुपये

पुलिस के अनुसार पूछताछ में करेंद्र दास ने बताया कि उसे गांजा की खेप आनंद विहार तक पहुंचानी थी. उसके मुताबिक यह गांजा उसे हैलाकंदी में एक व्यक्ति ने दिया था.

उसे बताया गया था कि आनंद विहार पहुंचने के बाद दिए गये मोबाइल नंबर पर संपर्क करना है. स्टेशन पर संबंधित व्यक्ति के पहुंचने के बाद उसे गांजा सौंपना था. इसके बदले उसे 20 हजार रुपये देने की बात कही गयी थी.

जमालपुर स्टेशन पर उतारा गया आरोपी

इसी बीच ट्रेन जमालपुर स्टेशन पहुंच गयी. सीआईबी टीम ने आरोपी को ट्रेन से उतार लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से चार पैकेट गांजा बरामद किया गया.

गांजा के वजन और बरामदगी की प्रक्रिया पूरी करने के लिए रेलवे के गैजेटेड अधिकारी सह असिस्टेंट इंजीनियर राजीव कुमार को जमालपुर स्टेशन बुलाया गया. उनकी मौजूदगी में आरोपी करेंद्र दास से चारों पैकेट खुलवाये गये.

चार पैकेट से 22.300 किलो गांजा बरामद

चारों पैकेट से अलग-अलग गांजा बरामद किया गया. सभी पैकेट का कुल वजन 22.300 किलोग्राम पाया गया. बरामद गांजा का बाजार मूल्य करीब 11 लाख 15 हजार रुपये बताया गया है. इसके बाद सीआईबी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. बरामद गांजा को जब्त करते हुए आरोपी और जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए रेल थाना जमालपुर के सुपुर्द कर दिया गया.

तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस

पूछताछ में हैलाकंदी से गांजा मिलने और आनंद विहार में इसे पहुंचाने की बात सामने आने के बाद मामले की जांच का दायरा बढ़ सकता है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप देने वाला व्यक्ति कौन था और आनंद विहार में इसे लेने वाला व्यक्ति कौन था. साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

Also Read : MLC चुनाव में अनंत सिंह ने बदला समीकरण, नीरज कुमार के सामने डॉ. अनुज सिंह का समर्थन

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >