मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट.
Jamalpur Railway Station: जमालपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शनिवार को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान रेल यात्रियों को स्टेशन परिसर और रेल क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के साथ-साथ सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया. रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से स्वच्छ रेल और स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की.
स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत का दिया गया संदेश
जागरूकता कार्यक्रम का नेतृत्व लोको शेड जमालपुर के सहायक सामग्री प्रबंधक बृजभूषण कुमार ने किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत” अभियान को सफल बनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहना चाहिए और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए.
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर कचरा निस्तारण के लिए अलग-अलग डस्टबिन लगाए गए हैं. यात्रियों को चाहिए कि वे कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित डस्टबिन में ही डालें. इससे स्टेशन परिसर स्वच्छ रहेगा और यात्रियों को बेहतर वातावरण मिलेगा.
सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण को खतरा
अधिकारियों ने अभियान के दौरान यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन चुका है. इसके उपयोग को कम करना समय की आवश्यकता है. यात्रियों से कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्री से बने बैग का उपयोग करने की अपील की गई.
हर दिन गुजरते हैं हजारों यात्री
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि जमालपुर जंक्शन से प्रतिदिन दर्जनों ट्रेनों का परिचालन होता है और हजारों यात्री यहां से होकर यात्रा करते हैं. यदि स्टेशन स्वच्छ और व्यवस्थित रहेगा तो बाहर से आने वाले यात्रियों के बीच शहर और रेलवे की सकारात्मक छवि बनेगी.
अभियान के दौरान प्रभारी स्टेशन प्रबंधक सह चीफ यार्ड मास्टर मनोरंजन कुमार, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक संजीव कुमार गुप्ता, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक पंकज कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीरज कुमार सहित कई रेलवे कर्मचारी और सफाईकर्मी मौजूद रहे. सभी ने यात्रियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
