महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ जमालपुर में महागठबंधन का महाधरना, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

जमालपुर के जुबलीवेल चौक पर महागठबंधन ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ एक दिवसीय महाधरना आयोजित किया. विभिन्न मुद्दों पर आवाज उठाते हुए राज्यपाल को 12 सूत्री और रेल मंत्री को 8 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया.

Jamalpur Mahadharna: जमालपुर के जुबलीवेल चौक पर गुरुवार को महागठबंधन के तत्वावधान में एक दिवसीय महाधरना आयोजित किया गया. धरने में विभिन्न घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की. कार्यक्रम की अध्यक्षता इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के जिलाध्यक्ष नरेंद्र तांती ने की, जबकि संचालन वरीय राजद नेता मंटू यादव ने किया.

जंतर-मंतर लाठीचार्ज की निंदा

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जबकि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से आम लोग परेशान हैं.

जनहित के मुद्दों पर उठाई आवाज

धरने में वक्ताओं ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, किसानों एवं मजदूरों की समस्याओं का समाधान करने, संविधान एवं आरक्षण की रक्षा सुनिश्चित करने तथा जनविरोधी नीतियों को वापस लेने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि सरकार जनता की मांगों की अनदेखी करती रही तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.

राज्यपाल के नाम सौंपा 12 सूत्री मांग पत्र

धरना समाप्त होने के बाद महागठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम 12 सूत्री ज्ञापन सौंपा. इसमें मुंगेर विश्वविद्यालय भवन निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने, मुंगेर-जमालपुर सड़क का चौड़ीकरण एवं नाला निर्माण, कारखाना गेट संख्या-6 से शिव साईं धाम तक फ्लाईओवर निर्माण, नल-जल योजना के तहत सभी वार्डों में जलापूर्ति, जमालपुर बाजार में फुटपाथ निर्माण, स्ट्रीट लाइट चालू कराने तथा भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई की मांग शामिल रही.

रेल मंत्री को भी सौंपा गया मांग पत्र

Jamalpur Mahadharna: प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य कारखाना प्रबंधक के माध्यम से रेल मंत्री को भी आठ सूत्री मांग पत्र भेजा. इसमें टीए कैंप में रेलवे विश्वविद्यालय की स्थापना, जमालपुर में डिवीजनल कार्यालय खोलने, लोको कॉलोनी सड़क निर्माण, रेलवे स्कूल नंबर-1 एवं 2 को उत्सव भवन में परिवर्तित करने तथा बरियारपुर-मननपुर और सुल्तानगंज-कटोरिया रेल लाइन निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की गई.

कई दलों के नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष अमित रंजन, बृजमोहन तांती, महासचिव अजय कुमार यादव, एनसीपी (शरद पवार) के प्रदेश उपाध्यक्ष इंद्रदेव दास, दीपक कुमार दास, विभास कुमार चौरसिया, तारिणी तांती सहित महागठबंधन के विभिन्न घटक दलों के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >