निर्माणाधीन पुलिया से सरिया चोरी, ढलाई से पहले चोरों ने हाथ किया साफ

मुंगेर के टेटिया बंबर में भुना और धौरी पंचायत के बीच निर्माणाधीन सिंचाई पुलिया से अज्ञात चोरों ने ढलाई से पहले करीब 25 हजार रुपये का सरिया काटकर चोरी कर लिया. घटना की सूचना के बाद पुलिस लिखित शिकायत का इंतजार कर रही है ताकि चोरों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके.

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट: मुंगेर जिले के टेटिया बंबर प्रखंड अंतर्गत भुना और धौरी पंचायत को जोड़ने वाली कच्ची सड़क पर चोरों का आतंक देखने को मिला है. नटीनिया स्थान के समीप निर्माणाधीन सिंचाई पुलिया से रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने बिछाए गए कीमती सरिया की चोरी कर ली. इस घटना के बाद पुलिया का निर्माण कार्य बाधित हो गया है.

हेक्सा ब्लेड से काटकर निकाला सरिया

जानकारी के अनुसार, पुलिया निर्माण का कार्य अपने अंतिम चरण में था और सोमवार या मंगलवार को ही ढलाई का कार्य किया जाना तय था. हालांकि, पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण काम रुका हुआ था. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने पुलिया के ढांचे पर बांधे गए लगभग चार बंडल सरिया को काटकर निकाल लिया. घटनास्थल से एक हेक्सा ब्लेड भी बरामद हुआ है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि चोरों ने पूरी तैयारी के साथ सरिया काटकर चोरी की है. चोरी गए सामान की कीमत करीब 25 हजार रुपये आंकी जा रही है.

ग्रामीणों ने संवेदक को दी जानकारी

सोमवार की सुबह जब ग्रामीण उस रास्ते से गुजरे, तो उन्होंने पुलिया के ऊपर बिछाया गया सरिया गायब देखा. इसके बाद यह खबर पूरे इलाके में फैल गई. ग्रामीणों ने तुरंत इस घटना की सूचना निर्माण कार्य करा रहे संवेदक (ठेकेदार) को दी. मौके पर पहुंचे कर्मियों ने बताया कि ढलाई के लिए पूरी तैयारी कर ली गई थी, लेकिन अब सरिया चोरी होने से कार्य में देरी होगी और आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ेगा.

आवेदन मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई

इस संबंध में टेटिया बंबर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिया से सरिया चोरी होने की मौखिक जानकारी मिली है. हालांकि, इस मामले में अब तक संवेदक या विभाग की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस ने कहा कि लिखित शिकायत प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर अज्ञात चोरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >