मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट: नयारामनगर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 21 वर्षीय छात्र पुटूस कुमार की जान चली गई. तेज रफ्तार बाइक की जोरदार टक्कर के बाद छात्र ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
सड़क किनारे खड़े छात्र को पीछे से मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, जयराम मंडल का पुत्र पुटूस कुमार रविवार सुबह अपने घर के पास सड़क किनारे साइकिल लेकर खड़ा था. इसी दौरान पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुटूस काफी दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे को अंजाम देने के बाद बाइक चालक मौके से फरार होने में सफल रहा.
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए घायल पुटूस को आनन-फानन में सदर अस्पताल मुंगेर पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. छात्र की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई. मृतक पुटूस स्नातक की पढ़ाई करने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं और आईटीआई की तैयारी कर रहा था.
गांव के ही युवक पर टक्कर मारने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि बाइक सवार युवक गांव का ही रहने वाला है, जो काफी तेज गति से गाड़ी चला रहा था. घटना की सूचना मिलते ही नयारामनगर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर फरार बाइक चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
