मुंगेर. 21 सूत्री मांगों के समर्थन में बिहार रक्षा वाहिनी स्वयं सेवक संघ की ओर से चलाये जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के तीसरे दिन बुधवार को गृहरक्षकों ने मशाल जुलूस निकाला. सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गृहरक्षक मशाल लेकर शहर भ्रमण करते हुए समाहरणालय पहुंचे. आंदोलन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष दिवाकर यादव ने किया. इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार की हठधर्मिता के कारण गृहरक्षक आज समस्याओं में घिरा हुआ है. मानसिक, शारीरिक और आर्थिक परेशानी आज गृहरक्षकों को उठानी पड़ रही है. संघ ने इन समस्याओं के निदान के लिए सरकार को कई बार मांग पत्र दिया, लेकिन सरकार ने कोई निर्णय नहीं लिया. करीब छह माह से गृहरक्षक चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं, जिसके बाद वार्ता भी हुई. बातचीत में आश्वासन दिया गया कि सरकार शीघ्र निर्णय लेगी. होमगार्ड स्थापना दिवस पर महानिदेशक सह महासमादेष्टा द्वारा भी भत्ता बढ़ोतरी, प्रत्येक वर्ष वर्दी भत्ता देने, दो दिन अवकाश, मातृत्व अवकाश, दो माह तक इलाजरत रहने तक भत्ता आदि देने की घोषणा की, जिस पर आज तक अमल नहीं हुआ. बढ़ती महंगाई में गृहरक्षकों को परिवार के भरण-पोषण, पढ़ाई, दवाई के लिए भी पैसा नहीं पूरा होता है. प्रदर्शन के दौरान गृहरक्षकों ने पुलिस के समान वेतन सहित अन्य सुविधाएं दिये जाने की मांग की.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
