सरकारी कार्यालय को चोरों ने बनाया निशाना, सीसीटीवी बंद कर लाखों के सामान पर किया हाथ साफ

Government Office Theft: मुंगेर के अति सुरक्षित माने जाने वाले किला क्षेत्र में चोरों ने सरकारी कार्यालय में सेंधमारी कर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी. एसपी कार्यालय के पीछे स्थित अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग कार्यालय से कंप्यूटर सीपीयू, एलईडी और अन्य उपकरण चोरी कर लिए गए.

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट

Government Office Theft: मुंगेर शहर के किला क्षेत्र में स्थित अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग कार्यालय में बुधवार रात हुई चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. चोरों ने खिड़की तोड़कर कार्यालय में प्रवेश किया, सीसीटीवी सिस्टम बंद किया और लाखों रुपये मूल्य के सरकारी उपकरण लेकर फरार हो गए.

खिड़की तोड़कर कार्यालय में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार चोरों ने कार्यालय के पिछले हिस्से की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया. कार्यालय में घुसते ही सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे के मेन स्विच को बंद कर दिया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें. इसके बाद चोरों ने पूरे कार्यालय को खंगालते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया.

सीपीयू, एलईडी और स्टेबलाइजर के पार्ट्स चोरी

चोरों ने कार्यालय में लगे एसी के स्टेबलाइजर का कवर खोलकर उसके महत्वपूर्ण पार्ट्स निकाल लिए. इसके अलावा चार कंप्यूटर सीपीयू और एक बड़ा एलईडी भी चोरी कर लिया. चोरी के दौरान कई अन्य सामानों को भी क्षतिग्रस्त किया गया, जिससे कार्यालय के कामकाज पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.

सुबह कार्यालय खुलने पर हुआ खुलासा

घटना का पता गुरुवार सुबह तब चला जब कार्यालय कर्मी रोज की तरह काम पर पहुंचे. कार्यालय के अंदर सामान बिखरा हुआ था और खिड़की टूटी मिली. कई उपकरण गायब देख कर्मचारियों ने तुरंत विभागीय अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी.

विभाग ने दर्ज कराई शिकायत

Government Office Theft: अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण पदाधिकारी कुमारी रानी ने बताया कि कार्यालय से चार सीपीयू, एक बड़ा एलईडी तथा एसी स्टेबलाइजर के महत्वपूर्ण उपकरण चोरी हुए हैं. उन्होंने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और विभागीय स्तर पर नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने कर्मचारियों से पूछताछ की तथा आसपास के क्षेत्रों में छानबीन शुरू कर दी है. चोरों के आने-जाने के रास्ते और संभावित सुरागों की तलाश की जा रही है.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर एसपी कार्यालय, समाहरणालय और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय मौजूद हैं. इसके बावजूद चोरों द्वारा सरकारी दफ्तर में सेंधमारी कर आसानी से चोरी की घटना को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है. स्थानीय लोगों ने मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है.

ये भी पढ़े : ‘हमें बचा लीजिए साहब!’ हाजीपुर के प्रेमी जोड़े ने सोशल मीडिया पर वीडियो डाल प्रशासन से मांगी सुरक्षा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pintu Pranav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >