जमालपुर. मालदा रेल मंडल के साहिबगंज लूप लाइन के भागलपुर-जमालपुर रेलखंड के महत्वपूर्ण व लोकप्रिय ट्रेन भागलपुर-आनंद विहार विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस है. इस एक्सप्रेस ट्रेन की खासियत यह है कि इसमें पूरे साल यात्रियों की भीड़ बनी रहती है, जबकि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान ट्रेन में भीड़ और अधिक बढ़ जाती है. इसके कारण जनरल टिकट वाले रेलयात्री भी भीड़ के कारण स्लीपर कोच में सफर कर रहे हैं. जिससे स्लीपर कोच के रेलयात्रियों की परेशानी बढ़ जाती है. ऐसा नजारा गुरुवार को भी जमालपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या दो पर देखने को मिला. जब वहां 12367 अप भागलपुर-आनंद विहार विक्रमशिला एक्सप्रेस आकर रुकी. ट्रेन के जनरल बोगी में पहले से ही ठसमठस भीड़ थी. प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार करने वाले रेल यात्रियों ने जब देखा कि जनरल बोगी में उन्हें जगह मिलने वाली नहीं है तो उन लोगों ने स्लीपर कोच पर चढ़ना शुरू कर दिया. यात्रियों का कहना था कि जनरल कोच में अत्यधिक भीड़ व सुरक्षा संबंधी परेशानी के साथ लंबी दूरी की यात्रा के दौरान होने वाली कठिनाई के कारण वे स्लीपर कोच में चढ़ते हैं. कई बार भीड़ के कारण यात्रियों को घंटों खड़े होकर यात्रा करनी पड़ती है. ऐसी स्थिति में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. दूसरी तरफ आरक्षित स्लीपर कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे असुविधा होती है. आरक्षित टिकट पर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों का कहना था कि जनरल टिकट वाले यात्रियों के स्लीपर कोच में चढ़ जाने से सीटों के आसपास भीड़ बढ़ जाती है. रेल यात्रियों ने रेल प्रशासन से इन समस्याओं के समाधान की मांग की. एक रेल अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि भीड़ भाड़ वाले मार्गों पर अतिरिक्त कोच और विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. साथ ही टिकट जांच कर्मचारी व रेलवे सुरक्षा बल को भी नियमित निगरानी करने को कहा गया है. उन्होंने कहा कि बिना आरक्षण स्लीपर कोच में यात्रा करना नियमों के विरुद्ध है और ऐसे मामलों में जुर्माना का प्रावधान है. वही कई यात्रियों का यह कहना था कि इस समस्या का स्थाई समाधान जनरल श्रेणी के कोच की संख्या बढ़ाना और अधिक ट्रेनों का संचालन करना है.
भीड़ में जनरल टिकट वाले रेल यात्री भी स्लीपर में कर रहे सफर
भीड़ में जनरल टिकट वाले रेल यात्री भी स्लीपर में कर रहे सफर
