कोहरे की चपेट में शहर, धूप निकलने के बावजूद शीतलहर का कहर जारी

नया साल आरंभ होते ही एक बार फिर मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ चुका है. इस कारण पूरा शहर जहां कोहरे की चपेट में आ गया है.

अधिकतम 17 डिग्री, न्यूनतम तापमान रहा 9 डिग्री सेल्सियस

15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा पूरे दिन सुई की तरह चुभती रही

मुंगेर. नया साल आरंभ होते ही एक बार फिर मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ चुका है. इस कारण पूरा शहर जहां कोहरे की चपेट में आ गया है. वहीं धूप निकलने के बावजूद शीतलहर का कहर जारी है. नये साल के दूसरे दिन शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक पूरा शहर कोहरे की चादर से ढंका रहा, जबकि शाम होते ही एक बार शीतलहर के प्रकोप ने लोगोें को अपने घरों में दुबकने के लिये मजबूर कर दिया. शुक्रवार को जहां शहर का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वही न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहा.

सुबह 11 बजे तक कोहरे से ढंका रहा पूरा शहर

नये साल का जश्न मनाने के बाद शुक्रवार को जब लोगों की सुबह हुई तो पूरा शहर कोहरे की चादर से ढंका था. हाल यह था कि कोहरे के कारण सुबह 9 बजे तक विजिबलिटी न के बराबर रही, जबकि इस दौरान सड़कों पर वाहन भी लाइट जलाकर चलते दिखे. शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक पूरा शहर कोहरे की चादर से ढंका रहा. हालांकि, इसके बाद लगभग 11.30 बजे धूप खिली, लेकिन शीतलहर का कहर जारी रहा. 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा धूप निकलने के बावजूद पूरे दिन सुई की तरह चुभती रही, जबकि शाम होते ही शहर में एक बार फिर कोहरे की चादर फैलनी लगी. शीतलहर का कहर शाम होने के बाद और अधिक बढ़ गया. जिससे लोग अपने घरों में ही दुबके रहे.

अगले पांच दिन कोहरे और शीतलहर से नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग की मानें तो अगले पांच दिनों तक न तो कोहरे से राहत मिलेगी और न ही शीतलहर के कहर से लोगों को राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिन तक सुबह और रात के समय कोहरा छाया रहेगा, जबकि इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा के साथ शीतलहर चलेगी. इस कारण अगले पांच दिनों तक जहां अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. वहीं न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा.

अगले पांच दिनों का तापमान

तिथि अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान

3.1.2026 17 डिग्री सेल्सियस 8 डिग्री सेल्सियस

4.1.2026 18 डिग्री सेल्सियस 9 डिग्री सेल्सियस

5.1.2026 18 डिग्री सेल्सियस 8 डिग्री सेल्सियस

6.1.2026 17 डिग्री सेल्सियस 8 डिग्री सेल्सियस

7.1.2026 18 डिग्री सेल्सियस 9 डिग्री सेल्सियस

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT JHA

AMIT JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >