मारपीट मामले में 15 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

घरेलू विवाद मामले में हुई मारपीट में दुलारपुर गांव निवासी श्याम मंडल की पत्नी ममता देवी ने 2 लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है.

हवेली खड़गपुर : खड़गपुर थाना पुलिस ने अलग-अलग गांवों में हुए मारपीट मामले में 15 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है. जानकारी देते हुए खड़गपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि आपसी रंजिश के तहत हुई मारपीट में रतैठा गांव निवासी राहुल कुमार झा ने 13 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है. वहीं घरेलू विवाद मामले में हुई मारपीट में दुलारपुर गांव निवासी श्याम मंडल की पत्नी ममता देवी ने 2 लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. कुल 15 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. दोनों मामलों में पुलिस छानबीन कर रही है. —————————————————– नशे में धुत हंगामा कर रहे दो शराबी गिरफ्तार हवेली खड़गपुर : खड़गपुर थाना पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र से नशे में धुत दो शराबी को गिरफ्तार किया है. इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि गस्ती के दौरान थाना क्षेत्र के पश्चिम आजीमगंज निवासी मनोज कुमार तथा आनंद कुमार को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया. दोनों का ब्रेथ एनालाइजर से जांच किया गया तो शराब सेवन की पुष्टि हुई है. जिसके बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में मुंगेर भेज दिया गया. ——————————————————- पर्यवेक्षक-प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हवेली खड़गपुर : नगर के पंचकुमारी कन्या उच्च विद्यालय और ललिता स्मारक उच्च विद्यालय रमनकाबाद में मंगलवार को गणना पर्यवेक्षकों और प्रगणकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. 13 से 24 अप्रैल तक प्रत्येक चरण में तीन-तीन दिन के सत्र में आयोजित प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया, डेटा संकलन की विधि और फील्ड में आने वाली चुनौतियों से निपटने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है. प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले पर्यवेक्षक और प्रगणक आगामी जनगणना 2027 के तहत नगर निगम क्षेत्र में घर-घर जाकर आंकड़े जुटाने का कार्य करेंगे. इस दौरान उन्हें सटीक और पारदर्शी डेटा संग्रहण के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षक धनजीत कुमार, अमन, नवनीत कुमार, अरुण कुमार सिंह द्वारा प्रशिक्षण दिया जायेगा. प्रशिक्षक द्वारा पर्यवेक्षक और प्रगणक को जनगणना से जुड़ी बारीकियों से अवगत कराया गया. मौके पर सांख्यिकी पदाधिकारी राजेश कुमार, मनीष कुमार सहित अन्य मौजूद थे. ——————————————————- संपत्ति विवाद में दो पक्षों में मारपीट, पांच घायल हवेली खड़गपुर : खड़गपुर अनुमंडल क्षेत्र के लोहड़ा गांव में मंगलवार को संपत्ति विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई. इस मारपीट में दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हो गए. घायलों में प्रमोद मंडल, उसका पुत्र राकेश मंडल, उसकी पत्नी सुमन देवी एवं लालू कुमार तथा पुत्री करीना कुमारी शामिल है. परिजनों के सहयोग से पांचों लोगों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल खड़गपुर में भर्ती कराया गया. जहां चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार ने प्राथमिक उपचार किया. घटना के संदर्भ में घायल प्रमोद मंडल ने बताया कि अगले महीने मेरी पुत्री की शादी है. जिसके लिए घर में साफ-सफाई करवा रहा था. तभी मेरा बड़ा बेटा राकेश मंडल तथा उसकी पत्नी सुमन देवी आधे दर्जन लोगों के साथ आयी और घर में घुसकर मारपीट करने लगे. उन्होंने बताया कि मेरा बेटा अलग घर बना कर रहता है. उसके हिस्से की जमीन पूर्व में ही दे दी गई है. लेकिन वह हमेशा जमीन की मांग करता है. उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी इन लोगों ने गाली-गलौज किया और विरोध करने पर मेरे तथा मेरे छोटे पुत्र लालू कुमार और पुत्री करीना कुमारी के साथ मारपीट किया. जिससे सभी घायल हो गये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR

ANAND KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >