मुंगेर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाकरपुर गांव में मंगलवार को आम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पुराने जमीन विवाद में बदल गया. दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये. घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गयी. सभी घायलों को इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.जानकारी के अनुसार एक पक्ष से मो सरवर, मो आफताब, मो बाबर, मो अनवर और मो शमीम घायल हुए हैं. वहीं दूसरे पक्ष से मो कमरुज्जमा, मो तबरेज, मो भीमा, मो पेटर, मो रेणु और मो अली समेत कई अन्य लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
आम तोड़ने से शुरू हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार सुबह गांव के बगीचे में बच्चे आम तोड़ रहे थे. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया.
घायलों ने एक-दूसरे पर लगाया आरोप
घायल मो बाबर ने बताया कि मंगलवार सुबह गांव के बगीचे में बच्चे आम तोड़ रहे थे. इसी दौरान उनके मामा मो कमरुज्जमा वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया. बाबर ने आरोप लगाया कि उनके मामा ने हिस्से में एक बीघा जमीन देने की बात कही थी, लेकिन अब उससे मुकर रहे हैं. उन्होंने बताया कि जमीन से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है.
वहीं दूसरे पक्ष के मो कमरुज्जमा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से दस्तावेजों में छेड़छाड़ की जा रही है. उन्होंने कहा कि इसी विवाद के कारण तनाव बढ़ा और मारपीट की नौबत आ गयी.