सो रहे बेटे पर पिता ने कुल्हाड़ी से किया वार, 35 वर्षीय चंद्रशेखर मांझी की मौके पर मौत, आरोपित फरार

हवेली खड़गपुर के गोबड्डा मांझी टोला में एक सनसनीखेज वारदात हुई, जहां एक पिता ने पारिवारिक विवाद में अपने ही 35 वर्षीय बेटे चंद्रशेखर मांझी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी. घटना के समय बेटा सो रहा था.

हवेली खड़गपुर के शामपुर थाना क्षेत्र के गोबड्डा मांझी टोला में रविवार तड़के पारिवारिक विवाद के दौरान एक पिता ने अपने 35 वर्षीय पुत्र चंद्रशेखर मांझी की कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या कर दी. घटना के वक्त चंद्रशेखर सोया हुआ था. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित पिता मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने पर शामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया.

सोए अवस्था में कुल्हाड़ी से किया प्रहार

मिली जानकारी के अनुसार, गोबड्डा मांझी टोला निवासी तिलो मांझी का अपने मंझले पुत्र चंद्रशेखर मांझी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. बताया जा रहा है कि विवाद के बाद मामला इतना बढ़ गया कि तिलो मांझी ने सोए अवस्था में चंद्रशेखर पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया. कुल्हाड़ी के वार से चंद्रशेखर की मौके पर ही मौत हो गई. पुत्र की हत्या करने के बाद आरोपित पिता घर से फरार हो गया.

हत्या की खबर फैलते ही जुटी ग्रामीणों की भीड़

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पिता द्वारा पुत्र की हत्या किए जाने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. घटना की सूचना शामपुर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों तथा आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया गया.

पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

बताया जाता है कि मृतक चंद्रशेखर तीन भाइयों में मंझला था. उसके एक पुत्र और एक पुत्री हैं. वह पूर्व में धपरी स्थित एक ढाबे में काम करता था. चंद्रशेखर की हत्या के बाद पत्नी, बच्चों समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

आरोपित पिता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही प्रयास

शामपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि पारिवारिक विवाद में पिता द्वारा पुत्र चंद्रशेखर मांझी की कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है. वारदात के बाद आरोपित पिता फरार है. पुलिस हत्या से जुड़े तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सौरभ कुमार

सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >