मुंगेर के संग्रामपुर से संतोष कुमार की रिपोर्ट :
नगर पंचायत संग्रामपुर के बस स्टैंड के समीप स्थित यात्री शेड की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है. वर्षों तक अतिक्रमण की आड़ में इसकी बदहाली छिपी रही, लेकिन हाल में अतिक्रमण हटने के बाद इसकी खस्ताहाल स्थिति सामने आ गयी है. अब यह शेड यात्रियों के बैठने लायक नहीं बचा है और किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गयी है.स्थानीय लोगों के अनुसार, यात्री शेड की छत से लगातार प्लास्टर और मलबा गिर रहा है. दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं, जिससे वहां बैठना खतरनाक हो गया है. बस स्टैंड क्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में लोग सफर के लिए पहुंचते हैं, लेकिन उनके लिए सुरक्षित बैठने की कोई व्यवस्था नहीं है.धूप में खड़े रहने को मजबूर यात्री
रविवार को जमुई जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे यात्री सौरभ कुमार, अर्चना देवी और रामरूप यादव ने बताया कि वे धूप से बचने के लिए यात्री शेड तक पहुंचे थे, लेकिन उसकी जर्जर हालत देखकर वहां रुकने की हिम्मत नहीं हुई. यात्रियों का कहना है कि यह शेड कभी भी बड़ा हादसा करा सकता है.
शौचालय तक की नहीं है सुविधा
स्थानीय लोगों ने बताया कि संग्रामपुर बस स्टैंड काफी व्यस्त इलाका है, लेकिन यहां यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाओं का भारी अभाव है. न तो बैठने की समुचित व्यवस्था है और न ही शौचालय जैसी जरूरी सुविधा उपलब्ध है.जल्द शुरू होगा जीर्णोद्धार कार्य
लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से पुराने यात्री शेड के जीर्णोद्धार या नए आधुनिक Passenger Shed और शौचालय निर्माण की मांग की है. इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी रविशंकर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी प्रशासन को है और जल्द ही यात्री शेड के जीर्णोद्धार के साथ नए शेड एवं शौचालय निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जायेगी.
