जूनियर राष्ट्रीय ताइवक्वांडो प्रतियोगिता में धर्मवीर व अनन्या ने मुंगेर का नाम किया रोशन

विगत 23 से 25 जून तक उत्तराखंड के हरिद्वार में खेले गये राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में मुंगेर के दो खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है.

मुंगेर. विगत 23 से 25 जून तक उत्तराखंड के हरिद्वार में खेले गये राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में मुंगेर के दो खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है. ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में मुंगेर के धर्मवीर एवं अनन्या ने अपनी कलाबाजी का जौहर दिखाते हुए कांस्य एवं रजत पदक जीत कर बिहार के साथ ही मुंगेर जिले का नाम गौरवान्वित किया है. मुंगेर ताइक्वांडो संघ के सचिव एवं मार्शल आर्ट्स अकादमी के संस्थापक निखिल कुमार ने बताया कि जूनियर बालक वर्ग में धर्मवीर कुमार ने अंडर-48 किलोग्राम में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया, जबकि इंडिविजुअल पुमसे के जूनियर बालिका वर्ग में अनन्या ने भी अपना कौशल दिखाते हुए रजत पदक प्राप्त की. इन दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर बिहार राज्य के मुंगेर जिले का नाम रौशन किया है. इस उपलब्धि पर मुंगेर ताइक्वांडो संघ, जिला खेल पदाधिकारी सहित खेलप्रेमियों ने बधाई दी और उज्जवल भविष्य की कामना की. विदित हो कि मुंगेर से तीन खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले प्रतियोगिता में अपनी जगह सुनिश्चित की थी. जिसमें धर्मवीर कुमार और अनन्या ने पदक जीत कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR

ANAND KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >