चुनावी शोर में थम गया सफाई कार्य, जगह-जगह लगे कचरे के ढेर से उठ रहा दुर्गंध

चुनावी शोर के बीच नगर में सफाई कार्य थम गया है. घरों से न तो सही तरीके से कचरे का कलेक्शन हो रहा है और न ही जगह-जगह लगे ढेर उठाए जा रहे हैं.

मुंगेर. चुनावी शोर के बीच नगर में सफाई कार्य थम गया है. घरों से न तो सही तरीके से कचरे का कलेक्शन हो रहा है और न ही जगह-जगह लगे ढेर उठाए जा रहे हैं. जगह-जगह लगे कचरे की ढेर से निकल रही बदबू और गंदगी के कारण स्थानीय लोगों के साथ ही राहगीरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन नगर निगम प्रशासन अभी भी चुनावी मोड से बाहर नहीं निकल पा रहा है. नगर निगम कार्यालय में कार्यरत अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक को चुनाव ड्यूटी में लगा दिया गया था, जिसका भरपूर फायदा निगम के अधिकृत सफाई एजेंसी व सफाईकर्मियों ने उठाया. सफाई कार्य की मॉनेटरिंग नहीं होने के कारण पिछले एक सप्ताह से शहर में सफाई व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित है. सफाई एजेंसी इस दौरान सिर्फ मुख्य बाजार के अस्थाई डंपिंग स्थल से दोपहर बाद कूड़ों का उठाव भले ही कर रही थी, लेकिन मुख्य बाजार से बाहर निगम क्षेत्रों में न तो सड़कों पर नियमित झाड़ू लग रहा है और न ही प्रतिदिन कूड़ों का उठाव हो रहा है, जिसके कारण शहर के कई क्षेत्रों में जगह-जगह कूड़ों का ढेर लग गया है. गुरुवार की शाम भले ही चुनाव संपन्न हो गया है, लेकिन निगम के जिम्मेदारों की अब तक नींद नहीं टूटी है, जिसके कारण शुक्रवार को भी सफाई कार्य बुरी तरह से प्रभावित रहा. जगह-जगह लगे कचरे के ढेर से अब दुर्गंध उठ रहा है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को जहां काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर उस होकर गुजरने वाले राहगीर भी परेशानी झेलने को विवश हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >