दुर्गा पूजा से पहले सभी विकास योजनाएं पूरी करें, जमालपुर नगर परिषद की समीक्षा बैठक में निर्देश

जमालपुर नगर परिषद ने छठ पूजा से पहले काली पहाड़ी नहर पर सीढ़ी घाट निर्माण और शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है।

जमालपुर. नगर परिषद जमालपुर के सभागार में सोमवार को अधिकारियों और कर्मचारियों की आवश्यक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद पार्वती देवी ने की. इस दौरान उप मुख्य पार्षद अंजली कुमारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी विजयशील गौतम भी उपस्थित रहे.

दुर्गा पूजा से पहले योजनाएं पूरी करने का निर्देश

मुख्य पार्षद ने शहर में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी दुर्गा पूजा से पहले सभी योजनाओं का कार्य पूरा कर लिया जाए. उन्होंने कहा कि नगर परिषद शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.

सफाई, प्याऊ और स्ट्रीट लाइट पर विशेष जोर

बैठक में मुख्य पार्षद ने निर्देश दिया कि पूजा के दौरान शहर में कहीं भी सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए. उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में स्थापित सभी प्याऊ और वाटर कूलरों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए. साथ ही शहर की सभी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू करने तथा बंद पड़ी तिरंगा लाइटों को भी जल्द शुरू कराने को कहा.

छठ से पहले सीढ़ी घाट निर्माण पूरा करने के निर्देश

मुख्य पार्षद ने कहा कि आगामी छठ पूजा से पहले काली पहाड़ी की ऊपरी नहर पर प्रस्तावित सीढ़ी घाट का निर्माण पूरा कर लिया जाए. उन्होंने निर्माण के साथ वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि शाम के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

होल्डिंग टैक्स जमा करने की अपील

मुख्य पार्षद ने उन शहरवासियों से भी होल्डिंग टैक्स का भुगतान करने की अपील की, जिन्होंने अब तक कर जमा नहीं किया है. बैठक में स्वच्छता पदाधिकारी सोनम राज, सहायक अभियंता विवेक कुमार, जूनियर इंजीनियर राहुल राजा, कार्यालय अधीक्षक राजीव कुमार सिन्हा, योजना सहायक प्रेम शंकर, सफाई निरीक्षक सत्यनारायण मंडल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

ALSO READ : उद्घाटन से पहले ही मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन में आई दरार, 3792 करोड़ के इस प्रोजेक्ट पर जांच के आदेश जारी


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >