हवेली खड़गपुर नगर के सिंघपुर स्थित सामुदायिक भवन में भाजपा नगर मंडल हवेली खड़गपुर की मासिक बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष शिवशंकर सोनी ने की. मुख्य अतिथि के रूप में तारापुर विधानसभा संयोजक शंभू केसरी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला मंत्री राजीव कुमार उपस्थित थे.
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गयी. इसके बाद पूर्व की बैठक में लिये गये निर्णयों एवं संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गयी.
17 सितंबर से चलेगा सेवा समर्पण अभियान
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा समर्पण के 25 वर्ष’ अभियान चलाया जायेगा. यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा. इस दौरान नगर मंडल क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के 13 कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रमुख व सह प्रमुख तथा अभियान से जुड़े संयोजकों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गयी.
लाभार्थियों से संपर्क करने का निर्देश
बैठक में कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र में लाभार्थियों से संपर्क करने तथा उनके घर जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने को कहा गया. इसके अलावा घरों में दीप प्रज्वलित कराने तथा बच्चों एवं विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करने सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया.
भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया अभियान को सफल बनाने का संकल्प
मौके पर नगर महामंत्री माधव ठाकुर, अजीत कुमार साह, ओमप्रकाश पासवान, संजय मंडल, प्रदीप मंडल, निरंजन मिश्रा, राजेश कुमार, चंदन, सुनील, संतोष, वरुण, ओमप्रकाश शर्मा, सरवन केशरी, शंकर साह, रणवीर राज सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.
