बरियारपुर प्रखंड में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है. गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने के कारण मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन के संपर्क पथ पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. बरियारपुर-खड़गपुर मार्ग में कृष्णा नगर गांव के समीप संपर्क पथ से फोरलेन पर गाड़ियां चढ़ती हैं, लेकिन संपर्क पथ बाढ़ के पानी से प्रभावित हो गया है. दूसरी ओर बरियारपुर में गंगा का जलस्तर अभी भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है.
पड़िया गांव में घरों और मंदिर में घुसा पानी
बाढ़ के पानी से बरियारपुर का पड़िया गांव प्रभावित हो चुका है. स्थानीय लोग जुगाड़ के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंच रहे हैं, जो जोखिम भरा है. पूर्व की बाढ़ में भी इस गांव के एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई थी. गांव में मंदिर सहित दर्जनों लोगों के घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है.
प्रखंड कार्यालय और पीएचसी का संपर्क टूटा
बाढ़ के पानी से गांव के साथ अब प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी पूरी तरह प्रभावित हो चुके हैं. मुख्य मार्ग से प्रखंड कार्यालय जाने वाली सड़क बाढ़ के पानी में डूब चुकी है. संपर्क पथ पर डेढ़ से दो फीट बाढ़ का पानी बह रहा है, जिसकी ऊंचाई लगातार बढ़ती जा रही है.
फिलहाल मुरला मुसहरी के समीप मिल रही आपात चिकित्सा सेवा
बाढ़ को देखते हुए आपातकालीन चिकित्सा सेवा फिलहाल मुरला मुसहरी गांव के समीप सड़क मार्ग पर की गई है. हालांकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाले मरीजों के लिए अब तक कोई आपातकालीन चिकित्सा शिविर नहीं लगाया गया था. पूर्व की बाढ़ के दौरान फिलिप उच्च विद्यालय के समीप चिकित्सा शिविर लगाया गया था.
आज से फिलिप उच्च विद्यालय के समीप लगेगा शिविर
चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि आज से फिलिप उच्च विद्यालय के समीप एनएच मार्ग के बगल में आपातकालीन चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा. इससे बाढ़ प्रभावित मरीजों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है.
