बेकरी का ओवेन ब्लास्ट, लाखों की संपत्ति जली
दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
मुंगेर. शहर के नीलम रोड स्थित हैप्पी बेकरी के फैक्ट्री सह गोदाम में मंगलवार की दोपहर अचानक हुए ओवेन ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गयी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. घटना के समय बेकरी में डीज़ल ओवेन पर आर्डर का सामान तैयार किया जा रहा था. इस अगलगी की घटना में 15 लाख से अधिक की संपत्ति जलने का अनुमान है. बताया जाता है कि डीजल ओवेन पर आर्डर का समान बेकरी में तैयार हो रहा था. तभी अचानक तेज धमाके के साथ ओवेन फट गया और आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं. आवाज इतनी तेज थी की लोगों को लगा कि कोई शक्तिशाली बम फट गया हो. विस्फोट इतना जोरदार था कि पास में रखे दो अन्य ओवेन भी आग की चपेट में आ गए. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे बेकरी परिसर को अपनी चपेट में ले लिया. आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गयी और मौके पर भारी भीड़ जुट गयी. घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास की अन्य दुकानों को बड़े नुकसान से बचा लिया गया.
अगलगी में 15 लाख की संपत्ति नष्ट
बेकरी के प्रोपराइटर अशोक सितारिया ने बताया कि ओवेन में आर्डर का माल तैयार किया जा रहा था, तभी अचानक ब्लास्ट हो गया और आग तेजी से फैल गयी. इस अग्निकांड में बेकरी की मशीनरी, कच्चा माल और तैयार उत्पाद पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए. उन्होंने बताया कि इस घटना में लगभग 15 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है.