जनजातीय गांवों में शुरू हुआ जागरूकता अभियान, सरकारी योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ

Sabse Door Sabse Pehle Campaign: मुंगेर के दूरदराज जनजातीय गांवों तक अब सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की पहल शुरू हो गई है. “सबसे दूर सबसे पहले” अभियान के तहत गांव-गांव शिविर लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और मौके पर समाधान किया जाएगा.

मुंगेर से वीरेन्द्र कुमार सिंह की रिपोर्ट :

मुंगेर जिले में जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर 18 मई से 25 मई तक राष्ट्रव्यापी सूचना, शिक्षा एवं संचार जन भागीदारी अभियान “सबसे दूर सबसे पहले” सप्ताह की शुरुआत की गई है. जिलाधिकारी निखिल धनराज ने समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया. अभियान का उद्देश्य अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और जागरूक बनाना है.

Tribal Villages में लगेगा विशेष शिविर

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के हवेली खड़गपुर, बरियारपुर और धरहरा प्रखंड के चयनित 20 गांवों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे.इन शिविरों में जनजातीय समुदाय के वंचित लोगों से आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निष्पादन किया जाएगा. साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी.

इन योजनाओं की दी जायेगी जानकारी

अभियान के दौरान लोगों को आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड, पीएम जन धन योजना और जाति प्रमाण पत्र जैसी योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा.इसके अलावा वन अधिकार अधिनियम के तहत पट्टा से संबंधित जानकारी और आवेदन प्रक्रिया भी समझाई जाएगी.

लगेगा हेल्थ कैंप, होगी जन सुनवाई

कार्यक्रम के तहत 19 मई को चयनित गांवों में पौधारोपण संतृप्तिकरण और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे.20 मई को अधिकारी गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याओं का निरीक्षण करेंगे और आवेदन प्राप्त करेंगे. इसके बाद 21 मई से 23 मई तक जन सुनवाई शिविर आयोजित कर आवेदनों का निष्पादन किया जाएगा.

जिला प्रशासन का फोकस जनजातीय क्षेत्रों पर

अभियान को सफल बनाने के लिए जिला नोडल पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं.प्रशासन का लक्ष्य है कि जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके.

इन गांवों का हुआ चयन

अभियान के लिए मंदारे, खड़गसरडीह, सवैया, कठौर, बरसमी, दुखरचक, कालीस्थान, बरसिया, बैजनाथ, पत्थरिया, करैली, सतखरवा, सरथी, मनकोटिया, कोटवा, सखोल, पैसरा, बिरजपुर, बेलोबर, लकरकोला और गोरैया गांवों का चयन किया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >