अंकित हत्याकांड में गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों का फूटा गुस्सा, पहुंचे थाना

मुंगेर के अंकित हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने कासिम बाजार थाना पहुंचकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की।

मुंगेर. कासिम बाजार थाना क्षेत्र के मनिया चौराहा निवासी 25 वर्षीय अंकित कुमार हत्याकांड में अब परिजनों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है. घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजन कासिम बाजार थाना पहुंचे और पुलिस से अविलंब कार्रवाई की मांग की. परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे और वरीय पुलिस अधिकारियों से मिलकर थाना पुलिस की कार्यशैली की शिकायत करेंगे.


मृतक के पिता ने थाना में दिया अवेदन

मृतक के पिता भीम यादव ने थाना में दिए आवेदन में पड़ोस की महिला सरिता कुमारी उर्फ निशा पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है. कहा, उनका पुत्र अंकित कुमार 4 जुलाई की रात करीब 11:58 बजे के बाद घर से निकला था और वापस नहीं लौटा. पूरी रात तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला. अगले दिन 5 जुलाई की सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि रामदेव सिंह यादव के बगीचे में एक युवक का शव पड़ा है. पहुंचने पर शव की पहचान अंकित कुमार के रूप में हुई.

धारदार हथियार से निर्मम हत्या की गई

भीम यादव ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की धारदार हथियार से निर्मम हत्या की गई और पहचान छिपाने की नीयत से उसके चेहरे को भी बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया गया. उन्होंने आवेदन में उल्लेख किया है कि घटना से दो-तीन दिन पहले मुर्गी बेचने के दौरान पड़ोस की महिला से विवाद हुआ था. उसी दौरान महिला ने कथित तौर पर अंकित को दो-चार दिनों के भीतर जान से मरवा देने की धमकी दी थी. पिता का आरोप है कि धमकी के दो दिन बाद ही उनके पुत्र की हत्या कर दी गई. थाना पहुंचे परिजनों ने कहा कि पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है, जिससे परिवार में रोष बढ़ता जा रहा है.

चरणबद्ध आंदोलन करेंगे

पिता व अन्य परिजनों ने कहा यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे चरणबद्ध आंदोलन करेंगे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कासिम बाजार थाना पुलिस मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है. वैसे पुलिस इस मामले में कथित आरोपी के पिता को हिरासत में रखे हुए है. पुलिस ने कहा, मृतक के पिता द्वारा दिए गए आवेदन सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. वैज्ञानिक साक्ष्यों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Birendra kumar sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >