– नियमित टीकाकरण में जिले के 83 प्रतिशत उपलब्धि पर बिफरे डीएम, एक माह में सुधार का निर्देश
मुंगेरजिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर ने बुधवार को जिले के सभी एएनएम, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और बीसीएम के साथ ऑनलाइन बैठक की. इस दौरान जिलाधिकारी ने जिले में नियमित टीकाकरण की उपलब्धि मात्र 83 प्रतिशत होने और सूबे में मुंगेर जिले के आखिरी पायेदान पर होने को लेकर पूरी तरह बिफरे नजर आये. साथ ही एक माह के अंदर नियमित टीकाकरण की उपलब्धि में सुधार करने का निर्देश दिया, अन्यथा संबंधित उपकेंद्र के एएनएम सहित प्रखंड के सभी स्वास्थ्य अधिकारियों पर कार्रवाई की बात कही. इस दौरान सिविल सर्जन डॉ राजू, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ फैजुद्दीन तथा डीपीएम फैजान अलाम अशरफी भी थे.
बैठक में जिलाधिकारी ने सबसे पहले जिले में नियमित टीकाकरण के उपलब्धि की समीक्षा की. जिसमें पाया गया कि जिले में नियमित टीकाकरण की उपलब्धि राज्य के औसत उपलब्धि से भी कम है. जिले के कई प्रखंडों के स्वास्थ्यकेंद्रों की उपलब्धि 60 प्रतिशत से भी कम होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से लेकर स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर तैनात एएनएम को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के अंदर सर्वे का काम अपडेट करें और सर्वे के अनुसार ही बच्चे तथा गर्भवतियों का ड्यूलिस्ट के अनुसार टीकाकरण करना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि एक माह में यदि नियमित टीकाकरण के उपलब्धि में सुधार नहीं होता है तो प्रखंड के स्वास्थ्य अधिकारी से लेकर स्वास्थ्य उपकेंद्र पर तैनात एएनएम तक के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी.