जमालपुर : मुख्य कार्मिक अधिकारी (सीपीओ) निलेश किशोर प्रसाद के आगमन पर विभिन्न मान्यता प्राप्त यूनियनों के पदाधिकारियों ने उनसे भेंट कर उन्हें ज्ञापन सौंपा. इस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन कारखाना शाखा के प्रतिनिधिमंडल ने सचिव वीरेंद्र प्रसाद यादव तथा अध्यक्ष विश्वजीत कुमार के नेतृत्व में सौंपे अपने सात सूत्री ज्ञापन में सीएमएस का पद वापस करने, स्थाई चिकित्सकों के रिक्त पड़े पद पर विशिषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति करने, आइओडब्लू के रिक्त पदों को भरने,
कारखाना में इंटरमीडिएट अपरेंटिश के माध्यम से जेइ पदों को भरने तथा यहां रिक्त पड़े ग्रुप सी व डी पदों को यथाशीघ्र भरने की मांग की. साथ ही लंबे समय से सहायक विद्युत अभियंता के रिक्त पद पर बहाली की मांग की और पूर्व रेलवे इंटर कॉलेज के विकास के लिए रेलवे द्वारा प्रदत्त राशि का भुगतान करने की मांग की. प्रतिनिधि मंडल में ओमप्रकाश साह, रामानन्द यादव, जीपी सिन्हा और युगलकिशोर यादव मुख्य रूप से शामिल थे.
ऑल इंडिया एससीएसटी रेलवे इम्प्लॉयज एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शाखा सचिव चांदसी पासवान की अगुआई में सौंपे अपने ज्ञापन में सभी श्रेणियों के एससीएसटी के खाली पदों को भरने,आरक्षण सेल को विधिवत रूप से निर्धारित मापदंडों के अनुसार संचालित करने, मुख्य अस्पताल में सीएमएस का पद वापस करने, शिशु व नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टरों को नियमित करने तथा वहां विभिन्न उपयोगी मशीनों को यथाशीघ्र लगवाने की मांग की. वहीं इआरएमसी ने शाखा सचिव धर्मेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा तथा इंटर कॉलेज में रिक्त पड़े पीजीटी शिक्ष्कों के पदों को भरने व कार्मिक शाखा में कम से कम दस कंप्यूटर व प्रिंटर मुहैया करने की मांग की.
