डकरा नाला में फेंक दिया गया शव
आक्रोशित लोगों ने मुंगेर-जमालपुर मुख्य मार्ग को बिंदवारा मोड़ के पास किया जाम
मुंगेर : सफियासराय ओपी क्षेत्र के हेरूदियारा में रविवार की देर रात अपराधियों ने दूसरे की शादी करवाने पर युवक की गोली मार कर हत्या कर दी और शव को डकरा नाला में फेंक दिया. सोमवार की सुबह पुलिस ने शव को बरामद किया. मृतक कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बिंदवारा मंडल टोला का रहनेवाला दारोगा मंडल बताया जाता है. इधर घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने लगभग ढाई घंटे तक मुंगेर-जमालपुर मुख्य मार्ग को बिंदवारा मोड़ के पास जाम कर दिया. इस कारण इस मार्ग में वाहनों का आवागमन पुरी तरह ठप रहा.
शादी की पार्टी में खाने पर बुलाया था : मृतक दारोगा मंडल डायनेमो मिस्त्री का काम करता था. पांच दिन पूर्व हेरूदियारा निवासी दशरथ मंडल के पुत्र अमर मंडल की शादी दारोगा ने अमर के घर वालों के खिलाफ जाकर हवेली खड़गपुर के भदौरा गांव में करवा दिया था. जिसके बाद दशरथ मंडल के परिवार से दारोगा का विवाद उत्पन्न हो गया था. रविवार को दशरथ मंडल के परिवार वालों ने कहा कि शादी तो करवा दिया कोई बात नहीं आज घर में शादी की पार्टी है. तुम खाने पर आओ. दारोगा घर से रविवार की शाम शादी की पार्टी में खाना पर पहुंचा. लेकिन वह घर वापस नहीं आया.
पहले शराब पिलाया, फिर मारी दो गोली : सोमवार की सुबह हेरूदियारा के कुछ लोगों ने सूचना दी कि दारोगा मंडल का शव डकरा नाला में फेंका हुआ है. दारोगा मंडल को पहले शराब पिला कर नशे में धुत कर दिया उसके बाद अपराधियों ने दो गोली मारी. एक गोली बायीं तरफ कनपटी में व दूसरी गोली
मुंगेर : शादी करवाने…
दाहिने सीने में लगी थी. हत्या करने के बाद शव को अपराधियों ने डकरा नाला में फेंक दिया. पुलिस को घटनास्थल से शराब की बोतल भी मिली है. इधर ग्रामीणों ने हत्यारोपितों की गिरफ्तारी व पारिवारिक मुआवजा की मांग को लेकर जमालपुर-मुंगेर मुख्य मार्ग को ढाई घंटे तक बिंदवारा मोड़ के पास जाम कर दिया. इस कारण आवागमन ठप रहा. जाम की सूचना पर सदर बीडीओ डॉ पंकज कुमार एवं सफियासराय ओपी प्रभारी कुमार सन्नी पहुंचे और समझा-बुझा कर जाम को हटाया. पुलिस ने शव का अंत्यपरीक्षण कराने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया.
