कनकनी व कोहरे से नहीं मिल रही निजात
पारा @ 11 डिग्री सेल्सियस
मुंगेर : पूस महीने समाप्त होने में अब सिर्फ चार दिन ही शेष रह गये है़ं किंतु शीतलहर जारी है. दिन में धूप निकल जाने के कारण लोगों को थोड़ी राहत भले ही मिल रही है, किंतु शाम होते ही हवा बहने से कनकनी बढ़ जाती है़ लोग ठंड से बचने के लिए तरह- तरह के उपाय में जुटे हैं. वहीं कोहरे के कोहराम पर अब भी विराम नहीं लगा है़ जिसके कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है. रविवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री एवं न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहा.
दिन में धूप से मिल रही थोड़ी राहत: जनवरी का पहला सप्ताह जहां खत्म हो चुका है, वहीं पूस के महीने को खत्म होने में अब भी चार दिन शेष है. इस बार पूस का पूरा महीना शीतलहर व कोहरे के लिए यादगार हो गया़ ठंड का कहर लगातार जारी है. हालांकि दिन में सूर्य निकल जाने के बाद लोग खिली धूप में बैठ कर थोड़ी राहत जरूर महसूस कर रहे हैं. धूप निकलने से लोग अपने गीले कपड़ों को भी सूखा पा रहे हैं. वहीं दिन में धूप निकल जाने पर लोगों को कहीं आने-जाने में विशेष परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ रहा है़
शाम होते ही बढ़ जाती है कनकनी: दिन तो किसी तरह कट जाता है, किंतु शाम होते ही कनकनी बढ़ जाती है़ जैसे-जैसे रात होती है, वैसे-वैसे कनकनी बढ़ने लगती है़ लोग इस भीषण ठंड से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं. कोई कंबल तो कोई रजाई में लिपट कर ठंड से अपना जान बचाने में लगे हुए हैं. कई संपन्न लोगों की ठंडक रजाई व कंबलों से भी नहीं कट पा रही और वे रूम हीटर व ब्लोअर के सहारे ठंड का आनंद ले रहे. लेकिन सबसे बड़ी परेशानी फुटपाथ पर जिंदगी गुजार रहे लोगों व दिहाड़ी मजदूर को हो रही है. जिन्हें दो वक्त की रोटी के लिए ठिठुरते ठंड में भी जोखिम भरा कार्य करना पड़ रहा है.
नहीं थम रहा कोहरे का कोहराम: जिस तरह ठंड में कोई कमी नहीं हो रही, उसी तरह कोहरे का कोहराम भी थमने का नाम नहीं ले रहा है़ शाम होते ही कोहरे की घने चादर से पूरा इलाका ढंक सा जाता है़ इसका सबसे अधिक प्रभाव तो यातायात पर पड़ रहा है़ घने कोहरे के कारण शाम के बाद सुबह 10 बजे तक लोगों को यातायात में काफी परेशानी हो रही है़ कोहरे की वजह से जहां सड़कों चलने वाले वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो जाती है, वहीं रेल मार्ग की कई ट्रेनों की आवाजाही में भी काफी विलंब दर्ज किया जा रहा है़
