अग्निशामक दस्ते ने आग पर पाया काबू
मुंगेर : शहर के बड़ी बाजार स्थित केनरा बैंक में सोमवार को शार्ट सर्किट लगने से आग लग गयी. आग की सूचना पर कोतवाली टाइगर मोबाइल एवं जिला नियंत्रण कक्ष से अग्निशामक दस्ता की टीम बैंक परिसर पहुंचा और आग पर काबू पाया. इस अगलगी में एक लाख से अधिक की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है. जबकि काफी संख्या में दस्तावेज जलने की बात कही जा रही. हालांकि कई दिनों से बैंक बंद रहने के कारण सही आकलन नहीं किया जा सका है.
प्राप्त समाचार के अनुसार सोमवार की दोपहर दुर्गा मेला घूमने आये लोगों ने शिवनंदन पैलेस स्थित केनरा बैंक से धुंआ उठते देखा जो लगातार बढ़ता जा रहा था. लोगों की भीड़ शिवनंदन पैलेस के गेट पर जुट गया. स्थानीय दुकानदारों ने इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस एवं फायर ब्रिगेड कर्मियों को दी. सूचना पर तत्काल ही पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम बैंक परिसर पहुंची. बैंक बंद रहने के कारण बैंक के मुख्य गेट का ताला तोड़ कर अंदर जाया गया.
बैंक में रखी बेटरी-इंभर्टर के समीप से धुआ उठ रहा था. अग्निशामक दस्ता की टीम व पुलिस ने सामांजस्य बना कर आग पर काबू पाया. बैंक में कितना का नुकसान हुआ और कौन-कौन से महत्वपूर्ण दस्तावेज जल गये. इसका पता नहीं लग पाया है. क्योंकि पिछले 8 अक्तूबर से ही बैंक बंद है और मैनेजर व कर्मी छुट्टी पर है. गुरुवार को बैंक खुलने के बाद ही सही आकलन लगाया जा सकता है.
