इंदिरा आवास . धीमी रफ्तार पर ग्रामीण विकास सह संसदीय कार्य मंत्री ने जताया असंतोष, कहा
ग्रामीण विकास सह संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार ने रविवार को जिला परिषद सभागार में ग्रामीण विकास योजना की समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने योजनाओं की अनदेखी करने पर अधिकारियों पर कार्रवाई करने की बात कही.
मुंगेर : सरकार जनहित में इंदिरा आवास, मनरेगा जैसी कई महत्वपूर्ण योजना चला रही है. ताकि लोगों को रोजगार के साथ ही अपने मकान का सपना पूरा हो सके. इसलिए जनहित में जारी योजनाओं को नजरअंदाज नहीं करें और उसे पूरा करें. दोषी पाये जाने पर कार्रवाई की जायेगी. ये बाते ग्रामीण विकास सह संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार ने रविवार को जिला परिषद सभागार में ग्रामीण विकास योजना की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कही. मौके पर उपविकास आयुक्त रामेश्वर पांडे, सभी बीडीओ व पीओ मुख्य रुप से मौजूद थे.
इंदिरा आवास की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 1 अप्रैल 2016 तक जिले में 6898 घर अपूर्ण थे. जिसमें 30 जून 2016 तक 259 लाभुकों के घर पूर्ण कर लिया गया. इंदिरा आवास की उपलब्धि पर मंत्री ने अंसतोष जताते हुए कहा कि इस कार्य में डीडीसी से लेकर विकास मित्र तक 6 लोग लगे हुए है. बावजूद इसके कार्य धीमी है. जनहित में जारी योजनाओं की जिम्मेदारी निर्धारित करें और अभियान चलाकर अधूरे मकान को पूर्ण कराये.
बैठक में बताया गया कि अब इस योजना का नाम बदल कर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) कर दिया जायेगा. नये नियमावली सामाजिक, आर्थिक, जातिगत जनगणना के लाभुकों का चयन किया जायेगा. जिले में 1 लाख 34 हजार 564 लोगों को चिह्नित किया गया. जिसका सर्वे का कार्य चल रहा है और यह 15 जुलाई को समाप्त हो जायेगा. सर्वे में किसको योजना के तहत मकान मिला, किसको नहीं मिला, किसके पास वाहन और एनरॉयड फोन है इसकी पहचान की जा रही है.
गलत चयन की जिम्मेदारी चिह्नित की जायेगी. जीविका की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मुंगेर में 5505 समूह गठित है. जिसमें से 2445 समूह बैंक से लिंकअप है.
समूह के किसी खास प्रोडक्ट के बारे में पूछा
मंत्री ने समूह के किसी खास प्रोडक्ट के बारे में पूछा, लेकिन ऐसे किसी प्रोडक्ट के बारे में जानकारी नहीं दी गयी. जिस पर मंत्री ने कहा कि खास प्रोडक्ट को तैयार कराया जाय. मंत्री ने कहा कि ताड़ी से तैयार होने वाले रोजगार को लेकर कर्नाटक से एक्सपर्ट को बुलाया जा रहा है जो ताड़ी पर आधारित वैकल्किपक रोजगार की जानकारी देंगे. मनरेगा के समीक्षा के दौरान बताया गया कि मुंगेर में 1 लाख 83 हजार 545 जॉब कार्डधारी है. जिसमें 35,925 जॉब कार्डधारी सक्रिय है. जिसमें 9183 का आधार कार्ड बनाया गया और उसे बैंक से लिंकअप किया गया. 12549 काम मनरेगा में लिया गया था.
जिसमें से 8611 कार्य पूर्ण हुआ. मंत्री ने प्राथमिकता के आधार पर शेष बचे कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि जो योजना अनुपयोगी है उसे बंद कर नया योजना खोला जाय. मनरेगा के तहत सामाजिक वानिकी की समीक्षा के दौरान कहा कि इस योजना के तहत 50 प्रतशित फलदार एवं 50 प्रतिशत इमारती पौधा लगाया जाय. उसके रखरखाव की बेहतर व्यवस्था की जायेगी. उन्होंने सांसद आदर्श ग्राम योजना, आधार कार्ड की समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.
